
Lack sleep Disadvantage: अक्सर हम देखते हैं कि लोग अपने व्यस्त शेड्यूल के बावजूद व्यायाम को अहमियत देते हैं, जिसमें कुछ लोग अपनी नींद के साथ भी समझौता कर लेते हैं. लेकिन अगर आप नींद पूरी नहीं होने के बावजूद व्यायाम कर रहे हैं, तो ये आपके लिए खतरनाक हो सकता है. पूरी नींद नहीं लेने वाले लोगों को व्यायाम करते समय सावधान रहने की जरूरत है. क्योंकि, ये उनके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है. दरअसल, नीदरलैंड और दक्षिण ऑस्ट्रेलिया की यूनिवर्सिटी ने इसको लेकर एक रिसर्च किया है, जिसमें इस खतरे को लेकर आगाह किया है.
चोट लगने का खतरा
दरअसल, रिसर्च टीम की तरफ से 425 लोगों को इस अध्ययन में शामिल किया और उनके रोजाना सोने और पिछले साल लगी चोटों की जानकारी इकट्ठा की है. इस शोध में पाया गया कि जो लोग रात को कम समय सोते हैं उनको चोट लगने का खतरा 1.78 गुणा ज्यादा होता है. इतना ही नहीं, इन लोगों को एक साल में दौड़ने के दौरान चोट लगने की 68 फीसदी संभावना भी रिसर्च में सामने आई है.
शरीर खुद की मरम्मत करता
जब हम वर्कआउट करते हैं तो हमारे शरीर के जोड़, मांसपेशियां और हड्डियां लगातार काम करती हैं. जिसकी वजह से हमारे शरीर में थकान होती है. इस थकान को दूर करने के लिए हमें भरपूर नींद की आवश्यकता होती है, ताकि हमारा शरीर खुद को रिकवर कर सके. क्योंकि, नींद के दौरान हमारा शरीर खुद की मरम्मत करता है. नींद के दौरान शरीर हमारे हार्मोन को स्टेबल करता है और थकान को दूर करने के साथ-साथ हमारे मानसिक ध्यान को भी सही करता है.
नींद क्यों जरुरी?
लेकिन जब हम अपनी नींद को ढंग से नहीं लेते हैं तो हमारा शरीर इस पूरी प्रक्रिया को पूरा नहीं कर पाता. इसकी वजह से ही जब हम उठते हैं तो हमें थकान और बेचैनी भी महसूस होती है, जिसकी वजह से व्यायाम करते समय गलती होने की संभावनाएं ज्यादा होती है. रिसर्च में उन लोगों को चोट लगने की ज्यादा आशंका पाई गई जो नींद पूरी नहीं होने के बावजूद दौड़ लगाते हैं या दूसरा कोई व्यायाम करते हैं.
