स्मृति मंधाना ने सोशल मीडिया से डिलीट किए इंगेजमेंट और वेडिंग से जुड़े सारे पोस्ट..


नई दिल्ली: महिला क्रिकेट की सुपर स्टार स्मृति मंधाना कठिन समय से गुजर रही हैं। वह अपने मंगेतर पलाश मुच्छल के साथ धूमधाम से सात फेरे लेने वाली थी, लेकिन अचानक उनके पिता श्रीनिवास की तबीयत खराब हो गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अब उन्होंने अपनी शादी को अनिश्चित काल के लिए टाल दिया है। इस बीच उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से पलाश के साथ अपनी होने वाली शादी से जुड़ीं सभी तस्वीरों और वीडियो को हटा दिया है।

स्मृति मंधाना ने उन पोस्ट्स को डिलीट किया है या सेटिंग में किसी तरह का बदलाव किया है जिससे वो टाइमलाइन पर नहीं दिख रहीं, वजह जो भी हो लेकिन अब उनकी सगाई/शादी से जुड़े कार्यक्रमों की तस्वीरें और वीडियो उनके अकाउंट पर नहीं हैं। इतना ही नहीं, श्रेयांका पाटिल, जेमिमा रोड्रिग्स जैसी उनकी खास दोस्त और साथी खिलाड़ियों ने भी स्टार क्रिकेटर की इंगेजमेंट और शादी से जुड़ी तस्वीरों और वीडियो को हटा दिया है।

पलाश को भी ले जाना पड़ा अस्पताल
स्मृति मंधाना के पिता अभी अस्पताल में भर्ती ही थे कि उनके मंगेतर पलाश मुच्छल की भी तबीयत खराब हो गई। एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक पलाश को वायरल इन्फेक्शन और एसिडिटी की शिकायत के बाद एक प्राइवेट अस्पताल में ले जाना पड़ा। हालांकि अच्छी बात ये रही कि इलाज के बाद वह जल्द ही अपने होटल लौट आए।

स्मृति मंधाना से पहले ही पलाश ने शादी टालने का फैसला किया!
हमारे सहयोगी हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में पलाश की मां अमिता मुच्छल ने बताया कि स्मृति मंधाना के पिता की अचानक तबीयत खराब होने के बाद उनके बेटे ने शादी को उनके ठीक होने तक टालने का फैसला किया। उन्होंने कहा, ‘पलाश को अंकल से बहुत ज्यादा अटैचमेंट है…स्मृति से ज्यादा ये दोनों क्लोज हैं। जब उनको हो गया तो स्मृति से पहले पलाश ने डिसीजन लिया कि उसको अभी फेरे नहीं करने जब तक अंकल ठीक नहीं हो जाते।’

स्मृति मंधाना के पिता की अभी कैसी है तबीयत?
मंधाना परिवार की तरफ से बताया गया है कि श्रीनिवास मंधाना की हालत स्थिर है और वह डॉक्टरों की करीबी निगरानी में हैं।

23 नवंबर को फेरे लेने वाली थी स्मृति मंधाना
स्मृति मंधाना 23 नवंबर को संगीतकार पलाश मुच्छल के साथ फेरे लेने वाली थीं लेकिन पिता की अचानक तबीयत खराब होने के बाद उन्होंने शादी को अनिश्चित काल के लिए टाल दिया है। दोनों महाराष्ट्र के सांगली में परिजनों, करीबी रिश्तेदारों और दोस्तों के सामने शादी करने वाले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *