अमेठी: भाले सुल्तान थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. पीड़ित महिला ने पुलिस को तहरीर देकर गांव के ही युवक पर गलत नीयत से उसकी 21 वर्षीय बेटी का हाथ पकड़ने और थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है. तहरीर के मुताबिक, 22 नवम्बर की सुबह युवती शौच के लिए गांव के बाग की ओर गई थी.
इसी दौरान गांव का ही युवक राजकुमार उसका पीछा करते हुए वहां पहुंचा और गलत नीयत से उसका हाथ पकड़ लिया. आरोपी ने युवती पर फोन पर बात करने का दबाव भी बनाया. मना करने पर उसने युवती को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद से वह डरी और सहमी हुई है. परिवार ने मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने छेड़छाड़, मारपीट और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
इस संबंध में थाना प्रभारी तनुज पाल ने बताया कि शिकायत गंभीर प्रकृति की है और इसे प्राथमिकता के आधार पर लिया गया है. उन्होंने कहा कि आरोपी राजकुमार के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
