
नई दिल्ली: पलक्कड़ से सस्पेंड कांग्रेस विधायक राहुल ममकूटाथिल पर यौन दुर्व्यवहार के आरोप एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस मामले में उनका एक नया ऑडियो क्लिप और वॉट्सऐप चैट का कथित स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल सामग्री में राहुल और एक महिला के बीच बातचीत सुनाई देती है, हालांकि इनकी सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
वायरल ऑडियो में क्या है दावा
वायरल ऑडियो में एक महिला कथित तौर पर अपने प्रेग्नेंसी के शुरुआती महीने में आने वाली स्वास्थ्य समस्याओं का जिक्र कर रही है। इसी दौरान राहुल के नाम से जुड़ी आवाज़ उसे अस्पताल जाने के लिए कहती सुनाई देती है। महिला का कहना है कि यह गर्भ वही चाहता था, और अब उसका व्यवहार बदल गया है।
वॉट्सऐप चैट का स्क्रीनशॉट भी सामने आया
सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे चैट के स्क्रीनशॉट में राहुल ममकूटाथिल का कथित मैसेज दिख रहा है। उसमें लिखा है- ‘मैं तुम्हें प्रेग्नेंट करना चाहता हूं। मुझे हमारा बच्चा चाहिए।’ दैनिक जागरण इन ऑडियो या चैट की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
राहुल ममकूटाथिल ने लगाए गए आरोपों से किया इनकार
वायरल सामग्री पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल ममकूटाथिल ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा कि आरोप बेबुनियाद हैं और वह जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मामले में कानूनी कदम उठाएंगे।
पहले भी लग चुके हैं आरोप
इससे पहले इसी वर्ष अगस्त में एक मलयालम एक्ट्रेस और एक राइटर ने उन पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। आरोपों के बाद उन्होंने यूथ कांग्रेस के पद से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी ने भी उन्हें संगठनात्मक गतिविधियों से अलग कर दिया था।
कांग्रेस की प्रतिक्रिया
केरल कांग्रेस नेता के. मुरलीधरन ने कहा कि अगर सरकार उनकी भूमिका पर कोई कार्रवाई करती है, तो पार्टी उसके बाद अपना अगला कदम तय करेगी। बताया जा रहा है कि वायरल हुआ नया ऑडियो पुरानी क्लिप का ही हिस्सा बताया जा रहा है। राहुल का कहना है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, वह अपनी तरफ से आवश्यक तथ्य सामने रखेंगे।
