Noida Crime News: नोएडा में 16 साल के नाबालिग की हत्या, प्रेमिका की बेटी से था अफेयर; गला दबाकर मार डाला

Noida Crime News: नोएडा में 16 साल के नाबालिग की हत्या, प्रेमिका की बेटी से था अफेयर; गला दबाकर मार डाला

Noida Crime News: नोएडा की फेस-2 थाना पुलिस ने एक नाबालिग युवक की हत्या का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. इनके कब्जे से पुलिस ने एक बाइक भी बरामद की. बताया जा रहा कि आरोपी अल्ताफ ने अपने साथी फैजान के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था. देर रात फेस-2 थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक नाबालिग का शव कमरे में पड़ा है और बाहर से ताला लगा हुआ है. बस यहीं से पुलिस के शक की सुई चालू हुई और आरोपियों के चुंगल तक पहुंच गई.

नाबालिग को बातचीत करने से रोका

पुलिस ने तुरंत नाबालिग के शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच-पड़ताल शुरू की तो पता चला कि मृतक नाबालिग का प्रेम-प्रसंग आरोपी की प्रेमिका की नाबालिग बेटी से चल रहा था. आरोपी को इस बारे में जब पता चला तो उसने इसका विरोध किया, लेकिन नाबालिग नहीं माना और वह फोन पर प्रेमिका से बातचीत करता रहा. कई बार उसके घर और गली में भी घूमता हुआ नजर आया, जिसके चलते आरोपी ने अपने साथी फैजान के साथ मिलकर उसे कमरे में बुलाया और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद बाहर से ताला लगाकर मौके से फरार हो गए.

सेंट्रल जोन के DCP शक्ति मोहन अवस्थी ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी अल्ताफ जो कि मूल रूप से हापुड़ जिले का रहने वाला है और फेस-2 थाना क्षेत्र में अपनी वेल्डिंग की दुकान चलाता है. पड़ोस में ही एक महिला से अल्ताफ का प्रेम-प्रसंग था. महिला की एक नाबालिग बेटी भी थी, जिसका प्रेम-प्रसंग एक नाबालिग युवक से चल रहा था.

गला दबाकर नाबालिग की हत्या की

नाबालिग अक्सर लड़की से फोन पर बातें करता व घर से बाहर मिलने भी आ जाता. चूंकि अल्ताफ की पड़ोस में ही दुकान थी तो वह नाबालिग की हरकतें देखकर गुस्सा करता. महिला की बेटी को मना करता कि वह नाबालिग से बातचीत न करें. जब दोनों नहीं मानें तो अल्ताफ ने नाबालिग युवक की हत्या की योजना बना डाली. अल्ताफ ने अपने साथ काम करने वाले फैजान के साथ मिलकर नाबालिग युवक को किसी बहाने से कमरे पर बुलाया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद दोनों कमरे में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए.

हत्या के बाद दोनों आरोपी हो गए थे फरार

आसपास रहने वाले लोगों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी. स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पूरे मामले की छानबीन में जुट गई. DCP ने बताया कि नाबालिग की हत्या करने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे और अपनी बाइक को पास में ही कहीं छिपा दिया था. पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी. इसी बीच दोनों अपनी बाइक को लेने आए और पुलिस ने उन्हें दबोच लिया. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *