समीक्षा बैठक में लेशी सिंह के सख्त निर्देश, PACS की मांग पर ब्याज-मुक्त अवधि 6 माह करने पर भी विचार

समीक्षा बैठक में लेशी सिंह के सख्त निर्देश, PACS की मांग पर ब्याज-मुक्त अवधि 6 माह करने पर भी विचार

बिहार सरकार के मंत्री एक्शन में हैं. बुधवार को बिहार खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री कक्ष में धान अधिप्राप्ति से जुड़ी चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया. समीक्षा बैठक की अध्यक्षता खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की मंत्री लेशी सिंह ने की. बैठक में सहकारिता विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे.

बैठक की शुरुआत में बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक (अधिप्राप्ति) रमेन्द्र कुमार द्वारा धान अधिप्राप्ति की वर्तमान स्थिति, चावल की गुणवत्ता, और साधारण चावल को फोर्टिफाइड चावल में परिवर्तित करने की संपूर्ण प्रक्रिया पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई. प्रस्तुति में अधिप्राप्ति के दौरान PACS स्तर पर आ रही व्यवहारिक चुनौतियों के साथ-साथ लॉजिस्टिक एवं प्रोसेसिंग से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं को भी रेखांकित किया गया.

Bihar Minister Leshi Singh

PACS प्रतिनिधियों के मुद्दों पर विचार

मेंमंत्री लेशी सिंह ने PACS प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया. बैठक में PACS की दो प्रमुख मांगों – राइस मिलों की वास्तविक क्षमता की जांच तथा लंबित भुगतानों का शीघ्र निष्पादन हेतु तुरंत कदम उठाने का निर्णय लिया गया. मंत्री महोदया ने स्पष्ट कहा कि PACS को भुगतान में किसी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं है और सभी लंबित भुगतान निर्धारित अवधि में पूरा किया जाए.

बैठक में यह सहमति बनी कि धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और PACS तथा सरकार के बीच समन्वय को मजबूत करने के लिए जल्द ही राज्यभर के सभी जिला के सहकारी बैंकों के अध्यक्षों के साथ एक विस्तृत बैठक आयोजित की जाएगी. इस प्रस्ताव पर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग और सहकारिता विभाग के दोनों ने सहमति जताते हुए PACS प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि अधिप्राप्ति से संबंधित सभी चुनौतियों के समाधान के लिए विभाग प्रतिबद्ध है.

किसानों के हितों की रक्षा जरूरी

लेशी सिंह ने कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा, PACS की मजबूती और अधिप्राप्ति प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है. विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि धान अधिप्राप्ति सुचारू एवं समयबद्ध ढंग से हो और सभी संबंधित पक्षों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.

बैठक में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, सचिव नैय्यर इकबाल, सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह सहित दोनों विभागों तथा बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड के वरिष्ठ पदाधिकारी तथा PACS के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *