रसोई की टाइल्स पर लगी चिकनाई हटाने का आसान तरीका, मिनटों में गायब होंगे तेल के दाग

रसोई की टाइल्स पर लगी चिकनाई हटाने का आसान तरीका
Image Source : FREEPIK

किचन घर की ऐसी जगह होती है जिसका दिनभर में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता है। घर की रसोई में रोज खाना पकता है, ऐसे में इसका गंदा होना भी लाजमी है। लेकिन सबसे ज्यादा गंदे होते हैं रसोई में लगी टाइल्स। इस पर तेल के दाग-धब्बे चिपक जाते हैं जिसे साफ करने में लोगों के पसीने छूट जाते हैं। टाइल्स और फ्लोर पर सरसों के तेल की चिपचिपाहट काफी इरिटेट करती है। इसकी सफाई करने के लिए गृहणियां तरह तरह के उपाय करती हैं लेकिन फिर भी चिकनाई को पूरी तरह से नहीं हटा पाती। लेकिन क्या आपको मालूम है कि कुछ आसान घरेलू नुस्खे की मदद से रसोई की टाइल्स पर लगी चिकनाई को आसानी से हटाया जा सकता है। यहां जान लें चिकनाई हटाने का आसान घरेलू तरीका।

बेकिंग सोडा और पानी का पेस्ट

बेकिंग सोडा तेल को सोखने का काम करता है। ऐसे में चिकनाई हटाने के लिए आप इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए थोड़ा सा बेकिंग सोडा लें और उसमें इतना पानी मिलाएं कि एक गाढ़ा पेस्ट बन जाए। इस पेस्ट को सीधे तेल के दागों पर लगाएं और 5 से 10 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर एक मुलायम स्क्रब ब्रश या स्पंज का इस्तेमाल करके रगड़ें और साफ पानी से धो लें। चिकनाई हट जाएगी।

सिरका और गरम पानी का घोल

सिरका एक प्राकृतिक क्लीनर है। इसके इस्तेमाल के लिए एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में सफेद सिरका और गरम पानी मिलाएं। इस घोल को दागों पर स्प्रे करें और 5 मिनट तक रहने दें। फिर एक कपड़े या स्पंज से पोंछ लें। जिद्दी दागों के लिए आप पहले थोड़ा सा बेकिंग सोडा छिड़क कर, फिर सिरके का घोल डाल सकती हैं। ऐसा करने से दाग मिनटों में निकल जाएंगे।

डिश सोप और गरम पानी

बर्तन धोने का साबुन विशेष रूप से तेल और ग्रीस को काटने के लिए ही बनाया गया है। ऐसे में एक कटोरी गरम पानी में डिश सोप की कुछ बूंदें मिलाएं। एक स्पंज या कपड़े को घोल में भिगोएं और दागों को धीरे-धीरे रगड़ें। इससे सारे दाग आसानी से निकल जाएंगे।

नींबू का रस और नमक

नींबू का एसिड और नमक की रगड़ने वाला नेचर मिलकर दाग हटाते हैं। इसके इस्तेमाल के लिए दागों पर थोड़ा सा नमक छिड़कें। फिर आधा कटा हुआ नींबू लें और उसे नमक लगे दाग पर रगड़ें। कुछ देर बाद गरम पानी से धो लें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *