
Swapna Shastra: नींद की अवस्था में दिखाई देने वाले सपने महज कल्पना नहीं होते, बल्कि स्वप्न शास्त्र के अनुसार ये हमारे भविष्य में होने वाली शुभ-अशुभ घटनाओं का पूर्वाभास कराते हैं. कुछ सपने हमें सकारात्मक ऊर्जा से भर देते हैं, तो कुछ इतने डरावने या अजीब होते हैं कि हम घबराकर जाग जाते हैं. अक्सर हम डरावने दृश्यों को बुरा मान लेते हैं, लेकिन ज्योतिष विज्ञान के अनुसार हर खराब दिखने वाला सपना अशुभ नहीं होता. कुछ डरावने और विचित्र सपने आपके जीवन में आने वाली सुख-समृद्धि और धन लाभ के सूचक होते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं ऐसे ही 6 सपनों के बारे में जो दिखने में तो अजीब हैं, लेकिन उनका फल बेहद शुभ है.
सपने में युद्ध या लड़ाई-झगड़ा देखना
स्वप्न शास्त्र के अनुसार, अगर आप सपने में खुद को किसी से लड़ते हुए देखते हैं या अपने आसपास झगड़ा होते देखते हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है. स्वप्न शास्त्र के अनुसार, यह एक बहुत ही शुभ संकेत है. यह इस बात की ओर इशारा करता है कि आने वाले समय में आपको न सिर्फ आर्थिक लाभ होगा, बल्कि समाज में आपका मान-सम्मान और पद-प्रतिष्ठा भी बढ़ेगी.
जलता हुआ मकान दिखाई देना
सपने में अपने ही घर को आग की लपटों में घिरा देखना डरावना हो सकता है, लेकिन इसका फल मीठा होता है. यह सपना संकेत देता है कि आपकी कोई ऐसी मनोकामना, जो वर्षों से अधूरी थी, वह जल्द ही पूरी होने वाली है. यह जीवन में एक सकारात्मक बदलाव और सफलता का प्रतीक है.
मृत्यु या आत्महत्या के दृश्य
स्वप्न शास्त्र के अनुसार, अगर आप सपने में किसी परिचित को मरते हुए देखते हैं, तो इसका अर्थ है कि उस व्यक्ति पर आया कोई बड़ा संकट टल गया है और उसकी आयु में वृद्धि हुई है. जबकि, सपने में खुद को या किसी और को आत्महत्या करते देखना स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से उत्तम माना जाता है. यह पुराने रोगों से मुक्ति और नई ऊर्जा का संकेत है.
सपने में अर्थी देखना
रास्ते में या सपने में अर्थी देखना सनातन परंपरा में भाग्य उदय का प्रतीक माना गया है. अगर आप सपने में किसी की शवयात्रा या अर्थी देखते हैं, तो समझ लीजिए कि आपकी बंद किस्मत के ताले खुलने वाले हैं. हालांकि, अगर आप अपना एक्सीडेंट देखते हैं, तो यह आपको भविष्य में सतर्क रहने की चेतावनी देता है.
किसी व्यक्ति को आग में जलते देखना
अग्नि को शुद्धता का प्रतीक माना जाता है. ऐसे में अगर आप सपने में किसी मनुष्य को जलता हुआ देखते हैं, तो स्वप्न शास्त्र इसे आर्थिक तंगी के अंत से जोड़कर देखता है. यह सपना बताता है कि आपके ऊपर चढ़ा पुराना कर्ज उतरने वाला है और धन के नए स्रोत खुलने वाले हैं.
बाल कटते हुए देखना
स्वप्न शास्त्र के मुताबिक, सपने में बाल कटना भी विशेष फलदायी होता है. ऐसे में अगर सपने में किसी महिला के बाल कटते दिखें,तो यह स्वर्ण-आभूषण और नकदी प्राप्त होने का संकेत है. जबकि, अगर सपने में कोई पुरुष के बाल कटते दिखाई दें, तो यह संपत्ति, जमीन-जायदाद या नई नौकरी मिलने का शुभ संकेत माना जाता है.
