
गाजियाबाद के मोदीनगर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने पति की जीभ काट दी. मोदीनगर की संजयपुरी कॉलोनी में हुई इस घटना को अब सोशल मीडिया रील्स बनाने से जोड़ा जा रहा है. बताया जा रहा है कि पत्नी रील्स बनाने में बिजी थी, इसलिए उसने रात का खाना नहीं बनाया, जिससे झगड़ा हुआ. झगड़े के दौरान पत्नी ने पति की जीभ काट ली. परिवार वालों के मुताबिक, आरोपी महिला ने पहले भी कई बार गाली-गलौज और मारपीट की थी. सास की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
रील बनाने के चक्कर में नहीं बनाया खाना
मोदीनगर थाना क्षेत्र की संजयपुरी कॉलोनी में रहने वाला विपिन कुमार एक फैक्ट्री में काम करता है. उसकी शादी करीब छह महीने पहले मेरठ के मालियाना फाटक की रहने वाली ईशा से हुई थी. विपिन की मां गीता देवी का आरोप है कि उनकी बहू शराब और सिगरेट की आदी थी और सोशल मीडिया रील्स बनाने को लेकर घर में अक्सर झगड़े होते थे. विपिन इन आदतों का विरोध करता था, जिसके चलते उसकी पत्नी न सिर्फ उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करती थी, बल्कि आत्महत्या करने और उसे जेल भेजने की धमकी भी देती थी. बताया जा रहा है कि सोमवार को ईशा ने कई वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए थे. रील्स बनाने की वजह से ईशा ने रात का खाना नहीं बनाया था. जब विपिन शाम को काम से घर लौटा और खाना मांगा, तो झगड़ा शुरू हो गया. विपिन ने ईशा को थप्पड़ मारा.
खाना बनाने को लेकर हुआ झगड़ा
गीता के मुताबिक, झगड़ा खत्म करने के लिए उन्होंने बाहर से खाना मंगवाया. इसके बाद पति-पत्नी सोने के लिए अपने कमरे में चले गए. बताया जा रहा है कि उसी रात खाने बनाने को लेकर फिर से झगड़ा हुआ. इसके बाद ईशा ने विपिन की जीभ काट ली. एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि विपिन की मां गीता देवी की शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसने खाना बनाने को लेकर हुए झगड़े के दौरान यह अपराध किया. मामले में कार्रवाई की जा रही है. गीता बताती हैं कि जीभ कटने के बाद विपिन, खून से लथपथ हालत में दूसरे कमरे में पहुंचा, जहां वह सो रही थीं. पड़ोसियों और परिवार वालों ने विपिन को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन गंभीर हालत के चलते उसे मेरठ रेफर कर दिया गया.
कॉल करने के बाद भी नहीं आई पुलिस
परिवार वालों के मुताबिक, पति की जीभ काटने के बाद ईशा अपने घर की छत पर चली गई और सीढ़ियों का गेट बंद कर दिया. इसके बाद उसने अपने परिवार वालों को फोन किया. आरोप है कि पहुंचने पर उसके परिवार वालों ने विपिन की मां को पीटना शुरू कर दिया. इससे गुस्साए कॉलोनी वालों ने ईशा और उसके परिवार वालों को बुरी तरह पीटा. उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा गया. परिवार का आरोप है कि उन्होंने मंगलवार सुबह 5 बजे डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन पुलिस नहीं आई. पुलिस ने तभी कार्रवाई की जब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
छोटी-छोटी बातों पर होती थी कपल की लड़ाई
युवक के परिवार का कहना है कि ईशा और विपिन के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया था कि वे छोटी-छोटी बातों पर लड़ते थे. इसके अलावा, ईशा विपिन को अपने पास भी नहीं आने देती थी, जिससे उनके रिश्ते में और तनाव आ गया था. इस बीच, पुलिस हिरासत में ईशा ने आरोप लगाया कि उसका पति उसे अक्सर पीटता था और उसके बनाए खाने में हमेशा कमी निकालता था. उसने दावा किया कि सोमवार को भी उसने उसे पीटा था. उसने कहा कि रोज-रोज की पिटाई से उसका सब्र टूट गया था.
