पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानों में बारिश, इस दिन से फिर बिगड़ेगा मौसम का मिजाज..


Weather News: उत्तर भारत में शुक्रवार को हुई बारिश की वजह से ठंड फिर लौट आई है. पहाड़ों में लंबे समय से चल रहे शुष्क मौसम का अंत बर्फबारी और बारिश के साथ हुआ है. बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में भारी गिरावट आई है. मौसम में करवट से किसानों ने राहत की सांस ली है और उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में लंबी छुट्टियों की तैयारी कर रहे पर्यटकों में खुशी की लहर दौड़ गई है.

जम्मू और कश्मीर में हिमपात
जम्मू और कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में ताजा हिमपात के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए बंद करना पड़ा है. कुछ समय के लिए त्रिकुटा पहाड़ी पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा भी स्थगित करनी पड़ी. गुलमर्ग के प्रसिद्ध स्कीइंग रिजॉर्ट में दो फुट से अधिक ताजा बर्फबारी हुई. गांदरबल जिले के सोनमर्ग पर्यटक रिजॉर्ट में छह इंच से अधिक और दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम रिर्जार्ट में लगभग तीन इंच बर्फ गिरी. बडगाम, बारामूला, कुपवारा, शोपियां, पुलवामा और बांदीपोरा जिलों के कई इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी दर्ज की गई. नंतनाग और कुलगाम जिलों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई है.

यूपी में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में शनिवार को लोगों को बारिश से राहत मिलेगी लेकिन दो दिन बाद फिर मौसम करवट लेगा. आईएमडी के अनुमान के मुताबिक, 27 जनवरी से फिर प्रदेश के कई जिलों में बारिश शुरू हो सकती है. 25 और 26 जनवरी को भी बारिश और आंधी का अलर्ट है. उत्तर प्रदेश के अयोध्या, बस्ती, सीतापुर, श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज जिलों में बूंदाबांदी की संभावना है. यहां हवाएं भी तेज चलेंगी.

राजस्थान में चेतावनी जारी
राजस्थान में मौसम बदल गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए हैं. 25 जनवरी से घने कोहरे और शीतलहर की स्थिति के लिए भी चेतावनी जारी की गई है. रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है.

बारिश और ठंड को लेकर अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों तक देश के अलग-अलग राज्यों में आंधी-बारिश का दौर बना रहेगा. हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है. उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश की संभावना है.

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 24 जनवरी को बारिश की संभावना नहीं है लेकिन ठंड बनी रहेगी. दिल्ली का अनुमानित तापमान अधिकतम 17°C और न्यूनतम तापमान 5°C रहेगा. उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, तमिलनाडु और केरल में बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान 55 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *