
यह खबर उन लोगों के लिए है जिन लोगों ने दो शादियां कर रखी हैं. अगर आपने भी ऐसा कर रखा है तो आपकी भी जिंदगी दो पत्नियों के बीच फंस सकती है. ऐसा ही ताजा मामला उत्तर प्रदेश के रामपुर के थाना अजीम नगर से सामने आया है. जहां नगरिया अखिल गांव में रहने वाले एक व्यक्ति ने दो शादियां कर रखी थीं और एक ही घर में दोनों पत्नियां रह रही थीं.
दोनों पत्नियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और विवाद इस कदर बढ़ गया कि दोनों ही पत्नियां थाना अजीम नगर तहरीर लेकर पहुंच गईं. विवाद इतना बढ़ गया कि पति को भी वहां बुलाया गया और दोनों ही पत्नियों ने अपनी-अपनी समस्याओं को रखा.
पंचायत ने दिया अनोखा फैसला
समस्या का निस्तारण यह निकाला गया कि दोनों ही पत्नियों के बीच पति को बांट दिया गया, तीन दिन एक पत्नी के पास, तीन दिन दूसरी पत्नी के पास और एक दिन छुट्टी. यह पंचायत थाना अजीम नगर में लोगों के द्वारा कराई गई.
मोहम्मद रफी ने बताई पूरी बात
मोहम्मद रफी ने बताया कि घरेलू विवाद हो गया था, वह थाने चली गईं, थाने में पंचायत हो गई और वह घर आ गईं. “दो पत्नियां हैं, दोनों का विवाद निपट चुका है. पति को दोनों पत्नियों के बीच बांट दिया गया है. तीन दिन एक पत्नी के साथ पति रहेंगे, तीन दिन दूसरी पत्नी के साथ पति रहेंगे और एक दिन छुट्टी.”
पुलिस ने बनाई दूरी
इस मामले में पुलिस ने सीधे हस्तक्षेप करने से बचते हुए स्थानीय लोगों को पंचायत करने दी और घरेलू विवाद को पंचायत के जरिए सुलझाया गया. यह मामला दो शादियों की जटिलताओं और उससे उत्पन्न होने वाली समस्याओं का एक अनोखा उदाहरण है. हालांकि यह फैसला कितना प्रभावी होगा और कितने समय तक शांति बनी रहेगी, यह देखने वाली बात होगी. यह घटना इस बात की भी याद दिलाती है कि दो शादियां करने से न केवल कानूनी बल्कि सामाजिक और पारिवारिक समस्याएं भी पैदा होती हैं.
