
Hakini Mudra Benefits: आज की दौड़ती-भागती जिंदगी में शारीरिक और दिमागी बीमारियों से शायद ही कोई बचा है. काम का प्रेशर, लगातार स्मार्टफोन का इस्तेमाल और स्क्रीन के सामने घंटों बैठना, हमें बीमारियों का दोस्त बना रही है. इसके कारण पैदा हुई नींद की समस्या और बढ़ता स्ट्रेस शरीर और दिमाग पर भयंकर असर डालती है. हर दूसरा आदमी एंग्जाइटी और डिप्रेशन जैसी गंभीर मानसिक बीमारियों के चपेट में आ रहा है. यह याददाश्त कमजोर करने के साथ-साथ ध्यान लगाने में भी समस्या पैदा कर रही है. हालांकि अच्छी बात ये है कि योग हमें इस समस्या से छुटकारा दिला सकता है.
क्या कहता है आयुष मंत्रालय
आयुष मंत्रालय के अनुसार, योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है. बल्कि यह मानसिक स्वास्थ्य, एकाग्रता और नर्वस सिस्टम को मजबूत करने का भी काम करता है. इसी कड़ी में हाकिनी योग मुद्रा एक सरल हस्त मुद्रा है, जो दिमाग को सक्रिय रखने, तनाव कम करने और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद करती है.
क्या है हाकिनी योग?
हाकिनी योग मुद्रा, जिसे पावर जेस्चर या ब्रेन पावर मुद्रा भी कहा जाता है, हाथों की पांचों उंगलियों को आपस में जोड़कर की जाती है. इसे करने के लिए सबसे पहले आप पद्मासन या वज्रासन में बैठ जाएं और आंखें बंद करके गहरी और लंबी सांस लें. इसके बाद एक हाथ की सभी उंगलियों की टिप को दूसरे हाथ की उंगलियों की टिप से जोड़ दें. ध्यान रखें कि उंगलियों पर अत्यधिक दबाव न पड़े. भौहों के बीच पर ध्यान केंद्रित करते हुए मन को अनावश्यक विचारों से दूर रखें. शुरुआत में इसे दो से तीन मिनट करें और धीरे-धीरे इसे पांच मिनट तक बढ़ाएं. रोजाना सुबह खाली पेट और शाम को इसका अभ्यास करने से इसका प्रभाव और भी बढ़ जाता है.
हाकिनी योग के फायदे
इस मुद्रा के अनेक लाभ हैं. सबसे पहले, यह ध्यान और एकाग्रता बढ़ाती है. हाथों की उंगलियों को जोड़ने से मस्तिष्क के दोनों हिस्से सक्रिय होते हैं, जिससे याददाश्त मजबूत होती है और किसी भी काम पर ध्यान बनाए रखना आसान होता है. इसके साथ ही यह तनाव और घबराहट को कम करता है. जो लोग लगातार चिंतित रहते हैं या डिप्रेशन का सामना कर रहे हैं, उनके लिए यह मुद्रा मानसिक शांति और संतुलन का काम करती है.
ब्रेन पर ऐसे करता है असर!
हाकिनी मुद्रा आत्मविश्वास बढ़ाने में भी मदद करती है. इसे करने से न केवल व्यक्ति अपने कार्यों के प्रति उत्साहित और प्रेरित महसूस करता है, बल्कि मानसिक स्थिरता और ऊर्जा भी बढ़ती है.
रोजाना प्रैक्टिस के फायदे
इसके अलावा, हाकिनी मुद्रा नींद की गुणवत्ता को सुधारने में भी मदद करती है. दिनभर की थकान और तनाव के कारण कई लोगों को रात में नींद नहीं आती. इस मुद्रा का अभ्यास शरीर में रक्तसंचार बढ़ाता है और ऑक्सीजन का प्रवाह सुधारता है, जिससे नींद गहरी और संतुलित होती है. इसके नियमित अभ्यास से नर्वस सिस्टम, टिश्यू और सेल्स की कार्यक्षमता भी बेहतर होती है. इससे शरीर में ऊर्जा का संचार होता है और व्यक्ति दिनभर सक्रिय महसूस करता है.
