
Mexico Firing: अधिकारियों ने बताया कि रविवार को मध्य मेक्सिको के एक फुटबॉल मैदान में बंदूकधारियों ने गोलीबारी की, जिसमें कम से कम 11 लोग मारे गए और 12 घायल हो गए। सलामांका के मेयर सीजर प्रिएटो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक बयान जारी कर कहा कि बंदूकधारी फुटबॉल मैच खत्म होने के बाद मैदान में पहुंचे। दस लोग मौके पर ही मारे गए और एक की बाद में अस्पताल में मौत हो गई। मेयर ने बताया कि घायलों में एक महिला और एक नाबालिग भी शामिल हैं।
शहर में चल रही क्राइम वेव का हिस्सा
प्रिएटो ने कहा कि यह हमला शहर में चल रही क्राइमवेव का हिस्सा है और उन्होंने राष्ट्रपति क्लाउडिया शाइनबाम से हिंसा पर नियंत्रण पाने में मदद की अपील की। गुआनाजुआतो राज्य के अभियोजक कार्यालय ने कहा कि वह मामले की जांच कर रहा है और इलाके में सुरक्षा बढ़ाने के लिए संघीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।
मेयर ने कहा, पिछले साल मेक्सिको में सबसे ज्यादा हत्याएं गुआनाजुआतो में हुईं। यहां का एक स्थानीय गिरोह, सांता रोजा डी लीमा, शक्तिशाली जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल से लड़ रहा है। दुर्भाग्यवश, कुछ आपराधिक समूह अधिकारियों को अपने अधीन करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो पाएंगे।
कुल मिलाकर, मैक्सिको सरकार का कहना है कि देश में 2025 में हत्या की दर 2016 के बाद से सबसे कम थी, जो प्रति 100,000 निवासियों पर 17.5 हत्याएं थी, हालांकि विश्लेषकों ने चेतावनी दी कि ये आंकड़े देश में हिंसा की पूरी स्थिति को दर्शा नहीं सकते हैं।
मेक्सिको में बड़े पैमाने पर अपराध आम है। यहां ड्रग्स कार्टेल में छिड़ी जंग की कीमत मासूम लोगों को चुकानी पड़ती है। अक्सर सार्वजनिक जगहों पर इसी तरह गोलीबारी होती है और आम लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ती है। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद इस पर काबू पाना अब तक संभव नहीं हो पाया है।
