
Codeine Syrup Smuggling UP: कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी के मामले में यूपी एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है. इस हाई-प्रोफाइल नेटवर्क से जुड़े शुभम जायसवाल के सबसे करीबी माने जाने वाले सहयोगी विकास सिंह नरवे को गिरफ्तार कर लिया गया है. एसटीएफ को काफी लंबे समय से उसकी तलाश थी. विकास सिंह को इंडो-नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार किया है. विकास पर यूपी के कई जिलों में केस दर्ज हैं. बताया जा रहा है कि उसने ही शुभम की मुलाकात बड़े तस्करों से करवाई थी.
यूपी में कई आपराधिक केस दर्ज
जानकार के मुताबिक विकास सिंह नर्वे का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है. उस पर यूपी के आजमगढ़, जौनपुर, वाराणसी समेत कई जिलों में केस दर्ज हैं. उसकी तलाश काफी समय से की जा रही थी. वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार जगह बदल रहा था. वाराणसी पुलिस कई दिनों से विकास सिंह की तलाश में दबिश दे रही थी. सर्विलांस और ख़ुफ़िया इनपुट के बाद पुलिस ने सिरप तस्करी के आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया. विकास इस रैकेट की अहम कड़ी था जिसने शुभम जायसवाल को बड़े तस्करों (अमित सिंह टाटा और आलोक सिंह) से मिलवाया था और इस धंधे को अंतरराज्यीय स्तर पर फैलाया. विकास सिंह इस तस्करी के पूरे नेटवर्क का मुख्य रणनीतिकार भी माना जाता है.
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि विकास सिंह ही वह व्यक्ति है जिसने शुभम जायसवाल को बड़े तस्करों, अमित टाटा और एसटीएफ के बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह से मिलवाया था. अमित और आलोक से मुलाकात के बाद शुभम का ये तस्करी का धंधा यूपी से लेकर बिहार और बंगाल तक फैला. विकास का काम इनके बीच मीडिएटरर का था.
