
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में रविवार और सोमवार को दिन का तापमान सामान्य होने से ठंड का असर काफी कम हो गया था, लेकिन मंगलवार को सुबह की शुरुआत बादल और धुंध से हुई। सुबह 9:45 बजे तक हल्की बारिश और तेज हवाओं ने सर्दी फिर बढ़ा दी।
मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन का पारा सात से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके अलावा उत्तरी, पश्चिमी और तराई के इलाकों में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर तीन बजे के बाद बादल छटने के पूर्वानुमान हैं और बुधवार से मौसम साफ होगा, धूप निकलेगी।
लखनऊ और आसपास के जिलों में हवा के साथ रिमझिम बारिश
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सामान्य धुंध और कोहरे के साथ कई जिलों में 30-35 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चलने के आसार हैं। राजधानी में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में वज्रपात का अलर्ट है। प्रयागराज में और आसपास के जिलों में भी दोपहर बाद या देर शाम को बारिश की संभावना जताई है साथ ही पूर्वी यूपी के कई जिलों में बुधवार को घने कोहरे के अलावा आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की गई है।
बिजली गिरने और बारिश की संभावना जताई
लखनऊ। मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली गिरने और बारिश की संभावना जताई है।
हरदाई में बरसात के आसार
हरदोई। घने बादलों के बीच सर्दी बढ़ी है। हरदोई में अभी बरसात तो नहीं हो रही है, लेकिन बरसात जैसे आसार दिख रहे हैं। न्यूनतम तापमान में भी काफी गिरावट आई है और 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। वहीं सुलतानपुर में केवल सुबह कोहरा रहा, जिसे गेहूं की दृष्टि से लाभकारी बताया जा रहा है।
घने कोहरे से धीमी पड़ी वाहनों की रफ्तार
अमरोहा। मंगलवार सुबह से ही शीतलहर संग घना कोहरा छाया रहा। जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लग गये। वही सूरज न निकलने से सर्दी में लोग भी ठिठुरते नजर आए।
कोहरे और बादलों से धूप गायब, गलन और ठिठुरन बरकरार
मुरादाबाद। फरवरी माह शुरू होने के बावजूद जिले में सर्दी का असर कम नहीं हो रहा है। मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे धूप नहीं निकल सकी और जनजीवन प्रभावित रहा। बीती रात से ही कोहरा पड़ना शुरू हो गया था, जिसके कारण सुबह के समय दृश्यता काफी कम रही। सड़क पर वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ा।
घने कोहरे और बादलों के बीच सर्दी का असर बरकरार
बहजोई। जनपद में सर्दी का एहसास एक बार फिर से साफ तौर पर बना हुआ है। बीती रात्रि घना कोहरा छाया रहा, जिसका असर सुबह तक देखने को मिला और वर्तमान समय में भी हल्का-हल्का कोहरा वातावरण में मौजूद है। आसमान में बादल छाए रहने के कारण मौसम में ठंडक बनी हुई है और सूर्य देव के अभी तक दर्शन नहीं हो सके हैं, जिससे दिन की शुरुआत भी ठंडी और सुस्त रही। बदलते मौसम के इस मिजाज ने लोगों को फिर से गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर कर दिया है। सुबह के समय सड़कों पर कोहरे के कारण दृश्यता भी कुछ हद तक प्रभावित रही, हालांकि धीरे-धीरे हालात में सुधार हो रहा है।
रात में पड़ा घना कोहरा, सुबह से छाए हैं बादल
फिरोजाबाद। मौसम में कोई सुधार नहीं है। सोमवार रात घना कोहरा पड़ा। जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। वहीं मंगलवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। जिससे ठंड और गलन बढ़ गई है।
