
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण अलग-अलग जिलों में बारिश का मौसम बना हुआ है. राजधानी लखनऊ में सुबह-सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली. आसमान में काले बादल छा गए और बारिश होने लगी. दोपहर 12 बजे तक धूप नहीं निकली. मौसम विभाग के मुताबिक, लखनऊ का आज न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
आईएमडी ने लखनऊ सहित राजधानी के अन्य इलाकों के लिए पहले ही मौसम बदलने का पूर्वानुमान जारी किया था. मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, यह छिटपुट बारिश मंगलवार तक ही सीमित रहेगी. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में कमी आने के बाद बुधवार से मौसम में सुधार देखने को मिलेगा. इसके साथ ही तापमान में हल्की गिरावट आने से लोगों को बीते दिनों की उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.
कानपुर में बदला मौसम का मिजाज
वहीं, कानपुर में भी मंगलवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया. तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू होने से ठंड और गलन का असर और बढ़ गया. शहर से सटे घाटमपुर क्षेत्र में भी सुबह से रुक-रुक कर बारिश जारी है. काले बादलों और तेज हवाओं के चलते ठंड में काफी इजाफा हुआ है. शहर में आज सुबह से धूप नहीं निकली है. न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश उप प्रभाग दैनिक मौसम पूर्वानुमान दिनांक 03-02-2026
— मौसम केंद्र, लखनऊ – IMD Uttar-Pradesh (@CentreLucknow)
गाजीपुर-आजमगढ़ सहित इन जिलों का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, 3 फरवरी को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात होने की संभावना बनी हुई है. आईएमडी ने बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. इसके अलावा हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर के आसपास के इलाकों में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाओं के चलने का अनुमान जताया गया है.
