कटिहार में 200 में निपट रहा 6000 का चालान, चाय की दुकान बनी कलेक्शन सेंटर; Video वायरल

कटिहार में 200 में निपट रहा 6000 का चालान, चाय की दुकान बनी कलेक्शन सेंटर; Video वायरल

बिहार के कटिहार जिले से ट्रैफिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक सब-इंस्पेक्टर और होमगार्ड चेकिंग के नाम पर 6000 का चालान 200-500 में मैनेज करने का काम कर रहे हैं. पूरे घटनाक्रम का वीडियो वायरल होने के बाद कटिहार एसपी ने दोनों ट्रैफिक पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज कराई है. साथ ही होमगार्ड को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि SI फरार चल रहा है. इस मामले ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

कटिहार में ट्रैफिक नियम तोड़ने पर लगने वाला छह हजार रुपये तक का चालान महज दो सौ-पांच सौ रुपये में ‘मैनेज’ किया जा रहा था. सहायक थाना क्षेत्र के मनिहारी मोड़ से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे सिस्टम को कटघरे में ला खड़ा किया है. वायरल वीडियो में देखा और सुना जा सकता है कि एक वाहन चालक को भारी फाइन का डर दिखाया जाता है.

चाय की दुकान थी डीलिंग पॉइंट

चालक अपनी गलती मानते हुए माफी मांगता है और एक मौका देने की बात कहता है. इसी दौरान कथित तौर पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी उसे सरकारी चालान से बचने का रास्ता बताते हैं. मनिहारी मोड़ की एक चाय दुकान पर 200 रुपये रख देने की बात कही जाती है. आरोप है कि यह दुकान इस पूरे खेल का ‘डीलिंग पॉइंट’ बनी हुई थी. वीडियो सामने आने के बाद कटिहार एसपी शिखर चौधरी ने सख्त रुख अपनाया है.

पुलिसकर्मियों पर FIR दर्ज

उन्होंने बताया कि वीडियो के आधार पर दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज की गई है. इतना ही नहीं, इनमें से एक जवान को गिरफ्तार भी कर लिया गया है, जो कि होमगार्ड बताया जा रहा है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है. दरअसल, पुलिस को चाय वाले के जरिए 200 रुपए की रिश्वत देने वाले पीड़ित युवक ने चोरी-छिपे पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया था, जिसके आधार पर कार्रवाई हुई है.

(रिपोर्ट- करन कुमार/कटिहार)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *