महिला के साथ लिफ्ट में गैस वाले गुब्बारों के साथ घुसा शख्स,अंदर जाते ही हुआ विस्फोट, वीडियो देखकर रोंगटे हो जाएंगे खड़े

महिला के साथ लिफ्ट में गैस वाले गुब्बारों के साथ घुसा शख्स,अंदर जाते ही हुआ विस्फोट, वीडियो देखकर रोंगटे हो जाएंगे खड़े

नई दिल्ली: मुंबई के गोरेगांव उपनगर की एक इमारत में लगी लिफ्ट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लिफ्ट में अचानक धमाका हो गया. सीसीटीवी फुटेज में कैद यह मंजर किसी डरावनी फिल्म जैसा प्रतीत होता है. एक लिफ्ट के भीतर बड़ी संख्या में रखे गुब्बारों में अचानक विस्फोट हुआ, जिससे पूरी लिफ्ट आग के गोले में तब्दील हो गई. इस भयावह हादसे ने लिफ्ट में मौजूद लोगों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर ज्वलनशील गैसों के अवैध उपयोग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस अब मामले की तहकीकात कर रही है.

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि एक सफेद शर्ट पहने महिला लिफ्ट में सबसे पहले प्रवेश करती है. वह अपने साथ एक छोटा ट्रॉली बैग खींच रही है और मंजिल का बटन दबाती है. उसके ठीक पीछे एक व्यक्ति पॉलीथीन के बड़े थैले में दर्जन भर से ज्यादा गुब्बारे लेकर लिफ्ट में घुसने के लिए संघर्ष करता है. महिला शालीनता दिखाते हुए उसे अंदर जगह देती है. तभी एक और व्यक्ति लिफ्ट में प्रवेश करने ही वाला होता है कि अचानक वहां मौत का तांडव शुरू हो जाता है.

विस्फोट और आग का तांडव 

जैसे ही गुब्बारे फटे, लिफ्ट के भीतर आग की एक बड़ी लपट उठी. देखते ही देखते पूरी लिफ्ट आग के गोले में तब्दील हो गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पल भर के लिए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज धुएं और आग से पूरी तरह ढंक गई. लिफ्ट के भीतर मौजूद दोनों पुरुष और महिला लपटों के बीच फंस गए. यह दृश्य अत्यंत भयावह था, जिसने इमारत में रहने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल पैदा कर दिया.

आग लगते ही लिफ्ट में मौजूद तीनों लोग अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर बाहर की ओर दौड़े. गुब्बारे लेकर आने वाला व्यक्ति भागते समय अपना संतुलन खो बैठा और फर्श पर गिर पड़ा. फुटेज में उन्हें आग की लपटों से जूझते हुए बाहर निकलते देखा जा सकता है. काला शर्ट पहने व्यक्ति और महिला भी किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे. आग ने गुब्बारा लाने वाले शख्स और महिला को बुरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था.

पुलिसिया कार्रवाई और जांच 

पुलिस के अनुसार, इस हादसे में महिला और पुरुष झुलस गए हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने गुब्बारा विक्रेता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. जांच का मुख्य बिंदु यह है कि गुब्बारों में कौन सी गैस भरी गई थी. गुब्बारा विक्रेता को संदिग्ध मानते हुए यह पता लगाया जा रहा है कि क्या उसने जानबूझकर सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया था ताकि उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *