शायर मुनव्वर राना की बेटी को शौहर ने जमकर पीटा, 3 तलाक दे घर से निकाला..


लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बड़ी और संवेदनशील खबर सामने आ रही है। देश के मशहूर शायर स्वर्गीय मुनव्वर राना की बेटी हिबा राना ने अपने पति और ससुराल वालों पर ‘तीन तलाक’ देने, दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट कर घर से निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में लखनऊ के सआदतगंज थाने में पति और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

हिबा राना के अनुसार, उनका निकाह 19 दिसंबर 2013 को करीमगंज निवासी सैय्यद मोहम्मद साकिब (सकीरये हाउस) के साथ सुन्नी रीति-रिवाज से हुआ था। निकाह के समय मुनव्वर राना के परिवार ने अपनी क्षमता के अनुसार सोने-हीरे के जेवरात और 10 लाख रुपये नकद दहेज में दिए थे। हिबा का आरोप है कि ससुराल पहुँचते ही पति साकिब और ससुर हसीब ने फिर से 20 लाख रुपये और एक फ्लैट की मांग शुरू कर दी। परिवार ने बेटी का घर बचाने के लिए कई बार मांगें पूरी भी कीं, लेकिन ससुराल वालों का लालच बढ़ता गया।

बहन के सामने दिया ‘तीन तलाक’

घटना का विवरण देते हुए हिबा ने बताया कि 9 अप्रैल 2025 को उनके पति ने मामूली बात पर गाली-गलौज करते हुए उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसी दौरान जब उनकी बहन आर्शिया राना (टीना) उनसे मिलने ससुराल पहुँचीं, तो पति और भी उग्र हो गए। उन्होंने दोनों बहनों के सामने गुस्से में तीन बार ‘तलाक, तलाक, तलाक’ बोला और हिबा को धक्के मारकर घर से बाहर निकाल दिया।

बच्चों को कमरे में किया बंद

हिबा राना ने पुलिस को बताया कि उनके पति ने उनके बेटे सैय्यद फवाज और बेटी हय्याम फातिमा को जबरन एक कमरे में बंद कर दिया और उन्हें साथ ले जाने की अनुमति नहीं दी। पीड़िता ने पुलिस से अपने बच्चों की सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।

राणा परिवार में दूसरा मामला और पुलिस की कार्रवाई

हैरानी की बात यह है कि मुनव्वर राना की एक और बेटी और सपा प्रवक्ता सुमैया राना ने भी हाल ही में अपने पति तशामुल अज़ीज़ पर तीन तलाक का केस दर्ज कराया था। अब हिबा के मामले ने इस चर्चा को और बढ़ा दिया है। हालांकि, सुमैया राना ने फिलहाल इस मामले पर चुप्पी साधी हुई है। सआदतगंज इंस्पेक्टर संतोष कुमार आर्या ने बताया कि ‘मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम, 2019’ और दहेज उत्पीड़न की धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *