सुपौल: सुपौल में सौरभ हत्याकांड की गुत्थी सुलझने लगी है, स्वजनों के अनुसार प्रेम-प्रसंग में सौरभ को मौत के घाट उतार दिया था. पुलिस अब इसकी गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपितों के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा.
दरअसल आपको बता दें कि छातापुर थाना क्षेत्र के डहरिया चकला निवासी युवक सौरभ कुमार का शव जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मानगंज पश्चिम पंचायत स्थित रानीपट्टी वितरणी नहर के पास बरामदगी मामले में पुलिस ने बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है. मृतक के पिता विश्वनाथ यादव के बयान पर जदिया थाना कांड संख्या 19/26 दर्ज किया गया है, जिसमें गांव के ही नीतीश कुमार समेत सात लोगों को नामजद किया गया है.
थाना में दर्ज आवेदन के अनुसार, सौरभ कुमार का गांव के ही एक लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी बात को लेकर आरोपियों द्वारा सौरभ को लगातार धमकियां दी जा रही थीं. स्वजन का कहना है कि सौरभ को चेतावनी दी गई थी कि वह इस रिश्ते को खत्म कर ले, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. जानकारी हो कि मंगलवार की सुबह सौरभ का शव रानीपट्टी वितरणी नहर के किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी.
सूचना मिलते ही जदिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया, जिसके बाद गांव में मातमी माहौल व्याप्त हो गया. मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद जदिया थाना पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा.
