काली या पीली सरसों में कौन सी अच्छी होती है, कौन सी सरसों के तेल में खाना पकाना ज्यादा फायदेमंद है?

काली या पीली कौन सी सरसों का तेल अच्छा होता है?
Image Source : FREEPIK

Best Cooking Oil: भारत में ज्यादातर लोग सरसों के तेल में सब्जी पकाते हैं। सरसों के तेल का स्वाद काफी तीखा और खुशबूदार होता है। दाल और सब्जी में तड़का लगाने के लिए सरसों के तेल का उपयोग करना अच्छा माना जाता है। लेकिन सरसों दो तरह की होती है, काली सरसों और पीली सरसों। दोनों सरसों से तेल निकलता है। लेकिन कौन सा तेल सेहत के लिए ज्यादा अच्छा होता है। इसे लेकर लोग कंफ्यूज रहते हैं। आइये जानते हैं खाना पकाने के लिए काली सरसों या पीली सरसों, कौन सा तेल अच्छा होता है। 

काली और पीली सरसों में अंतर

काली सरसों की पैदावार ज्यादा होती है। इसका स्वाद ज्यादा तीखा होता है और इसके दानों में ज्यादा मात्रा में तेल होता है। वहीं पीली सरसों के दाने पीले रंग के होते हैं और इसका स्वाद और खुशबू काली सरसों के मुकाबले कम होती है। इसलिए इसे माइल्ड कुकिंग या कम खुशबू वाली चीजों में इस्तेमाल करना अच्छा माना जाता है। हालांकि दोनों के गुणों में काफी समानता है और कुछ अंतर भी हैं।

काली सरसों का तेल 

काली सरसों के तेल का स्वाद और खुशबू तेज और तीखी होता है, इसे खाने में अचार, तड़का और सब्जी बनाने के लिए ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है। सरसों का स्मोक पॉइंट भी ज्यादा होता है। काली सरसों के तेल को डीप फ्राई के लिए अच्छा माना जाता है। इसमें भरपूर एंटीऑक्सीडेंट्स जैसे फिनोल और फ्लेवोनॉयड्स पाए जाते हैं। जो फ्री रेडिकल्स और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करने में मदद करते हैं। सीमित मात्रा में काली सरसों का तेल पाचन तंत्र के लिए भी फायदेमंद माना जाता है।

पीली सरसों का तेल

पीली सरसों के तेल का स्वाद काफी हल्का होता है। इसका स्वाद और गंध कम होती है। हालांकि पीली सरसों में ओमेगा-3 फैटी एसिड ज्यादा होता है। इसलिए इसे हार्ट के लिए अच्छा माना  जाता है। पीली सरसों के तेल में जीवाणुओं और कवकों से लड़ने वाले गुण पाए जाते हैं। एंटीसेप्टिक गुणों की वजह से इस तेल को काफी अच्छा माना जाता है। बालों और त्वचा पर लगाने के लिए भी पीली सरसों के तेल को अच्छा माना जाता है। 

काली सरसों का तेल या पीली सरसों का तेल सेहत के लिए अच्छा है?

पीली सरसों का तेल काली सरसों के तेल से जल्दी पच जाता है और हल्का होता है। इसलिए इसे पाचन के लिए अच्छा माना जाता है। हालांकि जिन लोगों को सरसों के तेल की तीखी खुशबू पसंद है वो काली सरसों का तेल भी इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर तेल कोल्ड प्रेस्ड है तो इसके ज्यादा फायदे सेहत को मिलेंगे। इसके लिए सरसों का शुद्ध और ताजा तेल खाने में इस्तेमाल करें। 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *