गजब है! बिहार में पकड़ौआ विवाह, गाय दिखाने के बहाने युवक को घर बुलाया और जबरन करा दी शादी

गजब है! बिहार में पकड़ौआ विवाह, गाय दिखाने के बहाने युवक को घर बुलाया और जबरन करा दी शादी

Bihar Forced Marriage Viral Video: बिहार के खगड़िया जिले में कथित ‘पकड़ौआ विवाह’ के एक मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। परबत्ता थाना क्षेत्र में एक युवक को धोखे से बुलाकर हथियार के बल पर उसकी शादी करा दी गई। जहां युवक इसे जुर्म बता रहा है, वहीं युवती ने इसे प्रेम विवाह करार दिया है।

यह चौंकाने वाली घटना जिले के परबत्ता प्रखंड के डुमरिया खुर्द गांव की है। पीड़ित युवक मन्नयम कुमार ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि 29 जनवरी को उसे एक सुनियोजित साजिश के तहत फंसाया गया। गांव के ही कमल कुमार राय ने उसे गाय दिखाने के बहाने कन्हैयाचक गांव ले जाने की बात कही।

मन्नयम ने लगाए गंभीर आरोप

मन्नयम के अनुसार, उसे विभिन्न गांवों में घुमाते हुए सिराजपुर पहुंचाया गया। वहां पहुंचते ही मोबाइल चार्ज करने के बहाने उसका फोन छीन लिया गया। जब उसने घर लौटने की जिद की, तो अचानक 3 से 4 युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि इन लोगों ने युवक को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और शादी के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई।

हथियार के बल पर रस्में और वायरल वीडियो का सच

सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शादी की रस्में पूरी की जा रही हैं। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि युवक मन्नयम कुमार असहज और डरा-सहमा हुआ है। चारों तरफ महिलाएं पारंपरिक मांगलिक गीत गा रही हैं और रस्में निभाई जा रही हैं, लेकिन युवक के चेहरे पर खौफ साफ दिखाई दे रहा है।

आरोप है कि रात करीब 11 बजे उसे जबरन मंडप में बैठाया गया और कुंदन कुमारी नाम की युवती से उसकी शादी करा दी गई। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान युवक की सहमति का कोई सम्मान नहीं किया गया और उसे बंधक बनाकर रखा गया। जैसे ही इस घटना की जानकारी मन्नयम के परिजनों को मिली, उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया।

पुलिस के हस्तक्षेप के बाद युवक की बरामदगी

सूचना मिलते ही परबत्ता पुलिस एक्शन मोड में आई। पुलिस की टीम ने सिराजपुर गांव में लड़की के घर पर छापेमारी की और मन्नयम कुमार को वहां से सुरक्षित बरामद कर लिया। मुक्त होने के बाद युवक ने परबत्ता थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। युवक का स्पष्ट आरोप है कि उसे हथियार के बल पर अगवा किया गया, मारपीट की गई और उसकी इच्छा के विरुद्ध दबाव बनाकर यह विवाह कराया गया।

लड़की का ‘लव स्टोरी’ वाला दावा और नया मोड़

हालांकि, इस मामले में तब नया मोड़ आ गया जब लड़की कुंदन कुमारी ने अपना पक्ष रखा। कुंदन कुमारी ने के दावों को सिरे से खारिज करते हुए इसे आपसी सहमति से हुआ विवाह बताया है। उसका कहना है कि मन्नयम और उसका पहले से प्रेम प्रसंग था और वे मोबाइल पर लगातार बातचीत करते थे।

लड़की का दावा है कि युवक अब परिवार के दबाव में आकर झूठ बोल रहा है और थाने में दी गई शिकायत पूरी तरह निराधार है। इस विरोधाभासी बयान ने पुलिस के लिए मामले को पेचीदा बना दिया है।

कानूनी कार्रवाई और पुलिस की जांच

परबत्ता थाना प्रभारी सुमंत कुमार ने पुष्टि की है कि युवक की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब वायरल वीडियो के तकनीकी पहलुओं और दोनों पक्षों के बयानों की बारीकी से जांच कर रही है।

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या युवक को वाकई हथियार के बल पर अगवा किया गया था या यह प्रेम प्रसंग का मामला है जिसे पकड़ौआ विवाह का रूप दिया जा रहा है। फिलहाल, इलाके में इस घटना को लेकर काफी चर्चा है और लोग पुलिस की अंतिम जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *