ग्रेटर नोएडा में 90 डिग्री मोड़ पर फिर हादसा, नाले में गिरी कार

ग्रेटर नोएडा में 90 डिग्री मोड़ पर फिर हादसा, नाले में गिरी कार

इंजीनियर युवराज मेहता की मौत को अभी एक महीने भी नहीं हुए। इसके बावजूद अब ऐसा ही एक हादसा ग्रेटर नोएडा के कासना में भी सामने आया है, हालांकि यहां चालक की जान बच गई है। दरअसल, यहां कासना इलाके में शनिवार रात में कोहरे के कारण रास्ता न दिखने की वजह से एक कार नाले में जा गिरी। गनीमत यह रही कि नाले में ज्यादा पानी नहीं था, जिससे कार में सवार दोनों लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और उन्होंने कार को बाहर निकलवाया। आरोप है कि 90 डिग्री मोड़ होने के बावजूद यहां पर कोई संकेत बोर्ड नहीं लगाया गया था।
जानकारी के अनुसार इटावा निवासी सुनील कुमार शनिवार देर रात करीब 3 बजे अपनी कार से चालक रिजवान के साथ लूक्सर से परी चौक की तरफ जा रहा था। उनकी कार ओला टैक्सी कंपनी के साथ जुड़ी है। सुबह के समय घना कोहरा था। जब वह लोग इकोटेक 6 की ओप्पो कंपनी की तरफ से भाटी गोल चक्कर की तरफ जा रहे थे तभी कोहरे के कारण गोल चक्कर से पहले ही 90 डिग्री मोड नहीं दिखा और कार बहुत कम विजिबिलिटी होने के चलते सीधी नाले में जा गिरी।
जानकारी के मुताबिक नाले में गिरने के बाद कार सीधी खड़ी हो गई। नाले में पानी कम होने के साथ पानी का बहाव भी धीमा था और उसकी गहराई भी कम थी। जिस कारण कार सवार दोनों व्यक्ति जल्दी से सुरक्षित बाहर निकल आए। इसके बाद घटना की सूचना डायल 112 को दे दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। उनके द्वारा तत्काल प्रभाव से उसे कार को बाहर निकलवा दिया गया।
रविवार को जब इसकी सूचना प्रशासन को मिली तो प्राधिकरण की टीम भी मौके पर पहुंची। यहां प्रशासन ने लकड़ी की बल्ली लगाकर और इस पर छोटी रिफ्लेक्टर टेप लगा दी है और उसे कवर किया गया है। हालांकि वहां पर पहले से ही प्रशासन की तरफ से मिट्टी डालकर उसे नाले को कवर किया गया था। गौरतलब है कि नोएडा सेक्टर 150 में युवराज की मौत के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के द्वारा ब्लॉक स्पॉट चिन्हित किए गए थे और जगह-जगह पर रिफ्लेक्टर लगाए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *