सहारनपुर: रामपुर मनिहारान कस्बे के मोहल्ला कायस्थान में एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां स्थानीय व्यापारी अभय जैन की पत्नी पूनम जैन (50) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उनका शव घर के बाथरूम में अचेत अवस्था में मिला. प्रारंभिक तौर पर चिकित्सकों ने गीजर से निकली गैस को मौत का संभावित कारण बताया है.
जानकारी के अनुसार, पूनम जैन प्रतिदिन की तरह सुबह दुकान पर आने वाली थीं, लेकिन वह दुकान पर नहीं पहुंचीं. इस पर अभय जैन ने उन्हें कई बार फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ. आशंका होने पर अभय जैन घर पहुंचे और काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. उन्होंने देखा कि बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद था. अनहोनी की आशंका के चलते दरवाजा तोड़ा गया.
दरवाजा खुलते ही पूनम जैन बाथरूम में बेहोशी की हालत में पड़ी मिलीं. परिजन उन्हें तत्काल चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों का मानना है कि बाथरूम में लगे गीजर से गैस निकलने के कारण दम घुटने से उनकी मौत हुई होगी, हालांकि मौत के सही कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है. घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है.
गमगीन माहौल में महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया. बताया गया है कि दंपति के दो बच्चे हैं- 22 वर्षीय बेटी और 20 वर्षीय बेटा, जो नोएडा में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं. पति-पत्नी घर पर अकेले ही रहते थे. इस दुखद घटना ने पूरे कस्बे को झकझोर कर रख दिया है.
