सुल्तानपुर : सुल्तानपुर की पुलिस अधीक्षक (एसपी) चारू निगम ने हाल ही में थाना अखंडनगर का औचक निरीक्षण किया.इस दौरान उन्होंने महिला हेल्प डेस्क, कार्यालय अभिलेखों, मैस, थाना परिसर और रिसेप्शन रूम का गहनता से जायजा लिया.एसपी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
निरीक्षण के दौरान, एसपी ने महिला हेल्प डेस्क पर पीड़ितों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और उनके फीडबैक की समीक्षा की.उन्होंने ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत महिलाओं को जागरूक करने तथा उनकी शिकायतों पर निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
इसके अलावा, एसपी ने टॉप-10 अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने शराब, खनन और भू-माफिया सहित अन्य माफियाओं के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत की जा रही कठोर कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की। एसपी ने अपराध रजिस्टर और त्योहार रजिस्टर का अवलोकन किया.
उन्होंने थाना परिसर में खड़े लावारिस वाहनों के शीघ्र निस्तारण के लिए भी आवश्यक निर्देश जारी किए.पुलिस मैस में भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की गई। एसपी ने थाना प्रभारी और अन्य स्टाफ का कुशलक्षेम भी पूछा.आगंतुकों के लिए स्वच्छ वातावरण, पेयजल और प्रसाधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
क्षेत्राधिकारी और प्रभारी निरीक्षक को थाना परिसर में वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान चलाने के लिए भी निर्देशित किया गया.थाना निरीक्षण के बाद, पुलिस अधीक्षक ने बेलवाई चौकी का भी भ्रमण किया.आगामी महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर उन्होंने बेलवाई शिवधाम मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का आकलन किया.एसपी ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं मंदिर में दर्शन-पूजन कर व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अनुभव भी किया.
