लखनऊ में विधानसभा के बाहर UGC को लेकर प्रदर्शन करने पर एक्शन, 100 लोगों पर FIR दर्ज

लखनऊ में विधानसभा के बाहर UGC को लेकर प्रदर्शन करने पर एक्शन, 100 लोगों पर FIR दर्ज

UGC प्रावधानों को लागू करने की मांग को लेकर बिना अनुमति यूपी की राजधानी लखनऊ में विधानसभा के सामने प्रदर्शन करने वालों पर एक्शन हुआ है। लखनऊ पुलिस ने सुहेल देव आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश पासी और 100 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि योगेश पासी और उनके साथी प्रदर्शनकारी यूजीसी प्रावधानों में संशोधन को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। बिना अनुमति ये प्रदर्शन विधानसभा के बाहर किया जा रहा था।
लखनऊ के हजरतगंज थाने में दर्ज FIR के मुताबिक, योगेश पासी और 100 अन्य अज्ञात लोगों पर BNS की धारा 189 (2), 191 (2), 285, 352, 223 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बीते 7 फरवरी को को दोपहर करीब 3 बजे विधानसभा गेट नंबर- 1, 2 और 3 की ओर जाने वाले सभी मार्गों से सुहेल देव आर्मी और मार्शल समाज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश पासी के नेतृत्व में लगभग 100 अज्ञात लोग हाथ में सुहेल देव आर्मी का झंडा-पोस्टर और बैनर लेकर प्रतिबंधित क्षेत्र विधानसभा के सामने आ गए।
FIR में ये भी लिखा है कि उन्होंने यूजीसी कानून में संशोधन को लेकर नारेबाजी की और वहीं पर बैठ गए। उन्होंने अपशब्द भी कहे। जहां ये प्रदर्शन हुआ, वहां वर्तमान में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। विधानसभा लोकभवन वीवीआईपी सुरक्षा क्षेत्र में धरना प्रदर्शन पूरी तरह से बैन है।
जान लें कि हाल के दिनों में UGC के नए नियमों को लेकर यूपी के अलग-अलग शहरों में उबाल देखने को मिला है। फिलहाल, सुप्रीम कोर्ट इन नियमों पर रोक लगा चुका है। 19 मार्च को इसकी अगली सुनवाई होगी। सुप्रीम कोर्ट की तरफ से पहले कथित रूप से सामान्य वर्ग से जुड़े संगठन प्रदर्शन कर रहे थे और अब सुहेल देव आर्मी ने लखनऊ में प्रदर्शन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *