Surajkund Mela Accident: सूरजकुंड हादसे में हिमाचल और यूपी के 2 आरोपी गिरफ्तार, मेले में झूला सेक्शन अगले आदेश तक बंद

Surajkund Mela Accident: सूरजकुंड हादसे में हिमाचल और यूपी के 2 आरोपी गिरफ्तार, मेले में झूला सेक्शन अगले आदेश तक बंद

फरीदाबाद: हरियाणा में सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर क्राफ्ट मेले में शनिवार शाम को एक बड़ा हादसा हो गया. हादसे में 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए वहीं, लोगों को बचाने का प्रयास करते हुए इंस्पेक्टर की जान चली गई. घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उनका उपचार जारी है. वहीं, इस दुखद घटना को लेकर डीजीपी अजय सिंघल ने देर रात अस्पताल का दौरा किया और घायलों का हालचाल भी जाना. वहीं, पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा ने भी देर रात अस्पताल का दौरा किया और घायलों से मुलाकात की. प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया गया है. वहीं, डीसी ने भी मेले को लेकर आदेश जारी किए हैं.

हिमाचल और यूपी के दो आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. थाना सूरजकुंड में हिमाचल फन केयर कंपनी के प्रोपराइटरी मोहम्मद शाकिर के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की धारा के अंतर्गत केस दर्ज किया है. पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि “मामले की गंभीरता को देखते थाना सूरजकुंड की एक विशेष टीम का गठन किया गया है. टीम सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच के बाद कार्रवाई कर रही है. मेले में झूला लगाने वाली कंपनी हिमाचल केयर फन के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर जो गांव टोका नंगला जिला सिरमौर हिमाचल प्रदेश व एक अन्य आरोपी नितेश जो धर्मपुरी सदर मेरठ कैंट, यूपी का रहने वाला है. दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है. अभी पुलिस जांच जारी है”.

“अगले आदेश तक मेले में बंद रहेगा झूला सेक्शन”: जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा ने सूरजकुंड हादसे के बाद अहम निर्देश दिए हैं. डीसी ने बताया कि “अगली जांच तक मेले में झूला सेक्शन बंद रहेंगे. यानी मेले में कहीं भी कोई भी झूला न झूला सकता है और न ही झूल सकता है. शनिवार को हुए दर्दनाक हादसे के बाद से जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और गहनता से जांच जारी है”. इसके अलावा, प्रशासन की ओर से कहा गया है कि “महोत्सव परिसर के अन्य सभी सांस्कृतिक, शिल्प, खान-पान, और मनोरंजन से जुड़े सभी कार्यक्रम पूरी तरह से सुरक्षित हैं और सुचारु रूप से संचालित किए जा रहे हैं. पर्टयकों व आम जनता की सुरक्षा प्रशासन व मेला अथॉरोटी की सर्वोच्च प्राथमिकता है”.

वहीं, वेंडर के खिलाफ भी कार्रवाई की बात प्रशासन की ओर से कही गई है. डीजीपी ने कहा कि “इस हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी”.

“पीड़ित परिवार को मिलेगी मदद”: डीजीपी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है. ईश्वर से दिवंगत इंस्पेक्टर जगदीश की आत्मा की शांति के लिए प्रर्थना भी की. इस दौरान सिंघल ने कहा कि “इंस्पेक्टर के परिजनों को पॉलिसी के तहत 1 करोड़ रुपये राशि तथा विभाग द्वारा दिए जाने वाले अन्य लाभ प्रदान किए जाएंगे. हरियाणा पुलिस की तरफ से परिजनों की हर संभव मदद की जाएगी”.

डीजीपी ने घटना पर शोक व्यक्त किया: हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि “सूरजकुंड मेले में ड्यूटी के दौरान निरीक्षक जगदीश ने असाधारण साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया है. अत्यंत चुनौतीपूर्ण और जोखिम पूर्ण परिस्थितियों में भी उन्होंने अपने कर्तव्यों से पीछे हटने के बजाय लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी. उनकी तत्परता और बहादुरी के कारण कई लोगों की जान बच पाई है. पुलिस सेवा की सर्वोच्च परंपराओं का जीवंत उदाहरण है”.

देर रात मेला ग्राउंड पहुंचे पर्यटन मंत्री: वहीं, सूरजकुंड मेला ग्राउंड में देर रात पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा पहुंचे और मेला ग्राउंड का जायजा लिया. मंत्री ने कहा कि “यह एक दुखद घटना है. यह हादसा बेहद ही दुखी करने वाला है. प्रदेश सरकार की ओर से मैं इस हादसे में घायल होने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. वहीं, इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद साहस का परिचय दिया और लोगों की जान बचाने के लिए अपनी जान तक दे दी. इस हादसे में दो महिला कांस्टेबल भी घायल हुई हैं. हालांकि सभी होश में है. सभी का इलाज किया जा रहा है और हमने प्रशासन को आदेश दिया है कि हादसे में घायल हुए व्यक्तियों को उचित इलाज मिले. हादसे के पीछे जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. किसी को भी छोड़ा नहीं जाएगा”.

उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे इंस्पेक्टर जगदीश: बता दें कि दिवंगत निरीक्षक जगदीश जिला मथुरा, उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे. उनका जन्म 05 मार्च 1968 को हुआ था. वे 31 जनवरी 2026 को पुलिस लाइन पलवल से सूरजकुंड मेला ड्यूटी के लिए नियुक्त किए गए थे. अपने कर्तव्यों के प्रति उनकी निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता के लिए वे विभाग में जाने जाते थे.

हादसे में घायल हुए लोगों की जानकारी: इसके अलावा, आपको बता दें कि दुर्घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घायलों में नीलय (सहायक उपनिरीक्षक), पत्नी विजयपाल निवासी बादशाहपुर, सुनील पुत्र रविंद्र निवासी आरोहा, जिला महेंद्रगढ़, हर्ष प्रकाश पुत्र रामप्रकाश निवासी एफ-176, पॉकेट-1, ग्रेटर नोएडा. प्रशांत पुत्र शंकर लाल निवासी दूबेपुर, जिला धौलपुर (राजस्थान), अनिशा पुत्री जितेन्द्र निवासी मकान नं. 20, पार्ट-2, फरीदाबाद, शिवानी पुत्री रमेश निवासी विरोना टावर, सेक्टर-78 नोएडा और परविंदर शामिल हैं. सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनका उपचार जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *