अमेठी: एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए इन्हौना थाने में तैनात उप निरीक्षक राजेश पाल को हाईवे के पास स्थित एक ढाबे से हिरासत में ले लिया. टीम की कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे और क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है.
सूत्रों के अनुसार उप निरीक्षक पर एक सड़क हादसे से जुड़े मामले की विवेचना के नाम पर पीड़ित से धनराशि मांगने का आरोप है. पीड़ित द्वारा एंटी करप्शन टीम से शिकायत किए जाने के बाद टीम ने गोपनीय तरीके से कार्रवाई की. हालांकि अब तक इस मामले में रिश्वत की रकम या अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
कार्रवाई के बाद एंटी करप्शन टीम उप निरीक्षक को अपने साथ ले गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। टीम की ओर से फिलहाल पूरे प्रकरण को लेकर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है.
इस संबंध में थाना प्रभारी विवेक कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा ने पुष्टि की है कि एंटी करप्शन टीम ने उप निरीक्षक को हिरासत में लिया है. उन्होंने बताया कि रुपये लेने के आरोपों की अभी जांच की जा रही है और स्थिति स्पष्ट नहीं है.
अधिकारियों का कहना है कि एंटी करप्शन टीम से आधिकारिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही विभागीय या कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है.
