
यूपी के नोएडा में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। नोएडा के सेक्टर-62 में तेज रफ्तार टेंपो अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकरा गया। हादसे के बाद घायल चालक को बचाने पहुंचे लोगों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। भीषण दुर्घटना में करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
दरअसल, सोमवार रात एक तेज रफ्तार टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया, जिसमें टेंपो चालक बुरी तरह से घायल हो गया था। इसके बाद जब घायल टेंपो चालक को बचाने के लिए लोग पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे सब्जी से भरे हुए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि लोग कई फुट हवा में उछल गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने भी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है, जिनमें 3 की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
