‘साहब सलाम, शादी में आना है…’ रीवा में लिफ्ट के बहाने ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय, बुजुर्ग से 50 हजार पार

रीवा: जिले में सलाम ठोंका, शादी का कार्ड देने का झांसा दिया और कार में बैठाकर पार कर दिए 50 हजार बैकुंठपुर में राह चलते कोई अनजान व्यक्ति आपको ‘साहब सलाम’ कहकर गाड़ी रोके और बड़े आदर से कहे कि “घर में शादी है, पूरे परिवार के साथ जरूर आना है,” तो सचेत हो जाइए.

रीवा के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में एक ऐसा शातिर गिरोह सक्रिय है, जो ‘लिफ्ट’ देने और ‘रिश्तेदारी’ निकालने के बहाने आपकी जेब साफ कर सकता है. आज मंगलवार की दोपहर को इस गिरोह ने एक बुजुर्ग को अपना शिकार बनाते हुए 50 हजार रुपये की ठगी की है.

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम हटवा निवासी भागवत सिंह अपने घर के निर्माण के लिए निर्माण सामग्री खरीदने बैकुंठपुर आए थे. वे अपनी जेब में 50 हजार रुपये नगद लेकर पैदल जा रहे थे. तभी क्योटी रोड पर एक सफेद रंग की कार आकर रुकी. पीड़ित भागवत सिंह ने बताया कि कार में दो युवक सवार थे.

कार रुकते ही एक युवक ने बड़े सम्मान से उन्हें ‘सलाम’ किया और कहा कि घर में शादी तय हो गई है, आप सबको आना है. बुजुर्ग को लगा कि शायद वे उनके बच्चों के कोई परिचित होंगे. इसी भरोसे का फायदा उठाकर बदमाशों ने उन्हें कार में बैठा लिया.

हैरानी की बात यह है कि बैकुंठपुर कस्बे में ठीक इसी तरीके से ठगी की यह एक हफ्ते के भीतर दूसरी घटना है. बदमाशों का तरीका बिल्कुल एक जैसा है- पहले सम्मान देना, फिर शादी का बहाना बनाकर अपनापन दिखाना और लिफ्ट देने के नाम पर जेब काटना.

घटना के बाद पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और न ही किसी अज्ञात वाहन में लिफ्ट लें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *