जबलपुर: भगवान शिव की पिंडी पर रिजवान ने किया था पेशाब, मुस्लिम बोले- समाज से होगा बहिष्कार

जबलपुर: भगवान शिव की पिंडी पर रिजवान ने किया था पेशाब, मुस्लिम बोले- समाज से होगा बहिष्कार

आरोपी मोहम्मद रिजवान.

मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक मुस्लिम युवक ने भगवान शिव के प्राचीन मंदिर में पिंडी पर पेशाब कर दिया था. आरोपी रिजवान खान उर्फ रिज्जु उर्फ भूरा को गढ़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार करने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश करवाया गया था, जहां से उसे जेल भेज दिया. वहीं, अब इस पूरे मामले में आरोपी के खिलाफ मुस्लिम समुदाय भी सामने आया है. मुस्लिम समुदाय ने स्पष्ट किया है कि आरोपी का समाज से कोई संबंध नहीं है. उसके कृत्य का वे समर्थन नहीं करते. इसके साथ ही ज्ञापन में आरोपी को समाज से बहिष्कृत करने की बात और पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

दरअसल, घटना 9 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे गढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी बजरिया स्थित एक शिव मंदिर की है. यहां मुजावर मोहल्ला के रहने बाले एक मुस्लिम युवक रिजवान ने शिवलिंग पर पेशाब कर दिया था. लोगों ने जब उसे ऐसा करते देखा, तो पीटने लगे. इसकी सूचना हिंदूवादी संगठनों को भी मिली. वो भी वहां पहुंचे. साथ ही पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई. इससे पहले की पुलिस वहां पहुंची आरोपी मौके से फरार हो गया.

पुलिस ने लिया ये एक्शन

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान रिजवान खान उर्फ रिज्जु उर्फ भूरा के रूप में हुई. गढ़ा थाना पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196B, 298 और 299 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसे संवेदनशील मामले में पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है. साथ ही आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही है, ताकि भविष्य में शांति व्यवस्था भंग न हो.

शिवलिंग का शुद्धिकरण

घटना के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मंदिर पहुंचे और विधि-विधान के साथ शिवलिंग का शुद्धिकरण किया. हनुमान चालीसा और शिव स्तोत्र का पाठ किया गया तथा गंगा और नर्मदा जल से जलाभिषेक कर मंदिर परिसर को पुनः पवित्र किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में हिंदूवादी संगठनों के लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे. वहीं सुरक्षा में भी भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा. इसके अलावा पुलिस की पेट्रोलिंग लगातार की जा रही है और अतिरिक्त फोर्स को भी तैनात किया गया है.

0000

मुस्लिम समुदाय ने की निंदा

इधर मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों ने भी इस घटना की निंदा की है. समुदाय के लोगों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट किया कि आरोपी का समाज से कोई संबंध नहीं है और उसके कृत्य का वे समर्थन नहीं करते. ज्ञापन में आरोपी को समाज से बहिष्कृत करने की बात कही गई है. साथ ही ये भी मांग की गई कि कानून के तहत उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की हरकत करने का साहस न करे.

मंदिरों में पुलिस गश्त बढ़ाई

महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है. मंदिरों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है. वहीं पूरे मामले में जबलपुर पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का तनाव फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *