नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। आरोपी शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक न तो गिरफ्तारी हो सकी है और न ही शिक्षा विभाग की ओर से कोई ठोस विभागीय कार्रवाई की गई है।
नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़
वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में आरोपी शिक्षक युवधन जायसवाल फिलहाल फरार है। पुलिस ने इस प्रकरण में 5 फरवरी को एफआईआर दर्ज की थी, लेकिन इसके बाद भी आरोपी शिक्षक कानून की पकड़ से बाहर है। सबसे बड़ा सवाल शिक्षा विभाग की भूमिका पर उठ रहा है। सूत्रों के मुताबिक, एफआईआर दर्ज होने के बाद भी विभाग जांच का हवाला देकर कार्रवाई से बचता नजर आ रहा है। निलंबन या किसी अन्य विभागीय कार्रवाई को लेकर अब तक कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।
FIR के बाद भी शिक्षक पर मेहरबान शिक्षा विभाग
इस बीच आरोपी शिक्षक के फरार होने से स्थानीय लोगों और पीड़िता के परिजनों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि मामला नाबालिग छात्रा से जुड़ा है, ऐसे में प्रशासन और शिक्षा विभाग को तुरंत सख्त कदम उठाने चाहिए थे। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश लगातार की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। फिलहाल आरोपी शिक्षक फरार है और शिक्षा विभाग की चुप्पी इस पूरे मामले में कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग कब तक जांच का बहाना बनाता रहेगा और कब आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाती है।
