सिद्धार्थनगर: चिल्हिया-पल्टा देवी मार्ग पर स्थित टेकनार गांव के पास बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने तालाब किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा देखा.
राहगीरों की सूचना पर पहुंची चिल्हिया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष आंकी जा रही है, जिसकी शिनाख्त फिलहाल नहीं हो सकी है.
रहस्यमयी परिस्थितियां: कपड़े गायब, पैरों में घाव
घटनास्थल के हालात पुलिस की शुरुआती ‘डूबने’ वाली थ्योरी पर सवाल खड़े कर रहे हैं. मृतक के शरीर पर कपड़ों के नाम पर केवल अंडरवियर मिला है. सवाल उठ रहा है कि यदि व्यक्ति दुर्घटनावश डूबा, तो उसके बाकी कपड़े कहां गए. सबसे चौंकाने वाली बात मृतक के दोनों पैरों पर मिले गहरे घाव हैं, जिनसे रक्तस्राव हो रहा था.
पुलिस का तर्क बनाम स्थानीय संदेह
थानाध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला डूबने का लग रहा है और पैरों के घाव पानी में जोंकों के काटने से हो सकते हैं. हालांकि, स्थानीय लोग इस तर्क से सहमत नहीं हैं. लोगों का मानना है कि जोंक के काटने से इतने गहरे जख्म होना संभव नहीं है. शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की कहीं और हत्या कर शव को यहां फेंका गया होगा.
पहचान की कोशिशें जारी
मृतक के एक हाथ में कलावा और दूसरे में ताबीज बंधा मिला है, जिससे उसके धार्मिक प्रवृत्ति का होने का अनुमान लगाया जा रहा है. पुलिस ने शिनाख्त के लिए मृतक की तस्वीरें जिले के सभी थानों और सोशल मीडिया ग्रुप्स में साझा की हैं.
”शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है.” – पुलिस प्रशासन
