
Ayaan Lall And Farhana Bhatt Relationship Rumors: रियलिटी शो बिग बॉस 19 भले ही खत्म हो चुका हो, लेकिन इसके कंटेस्टेंट्स और उनसे जुड़े लोग अब भी चर्चा में बने हुए हैं। इस बार सुर्खियों में कुनिका सदानंद के बेटे अयान लाल भी हैं, जिनकी एक सोशल मीडिया पोस्ट ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है। खास बात यह है कि इस चर्चा में बिग बॉस 19 फेम फरहाना भट्ट का नाम भी जुड़ गया है।
वैलेंटाइन वीक पोस्ट से बढ़ी अटकलें
दरअसल, हाल ही में अयान लाल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। इन फोटोज में उनके साथ एक लड़की नजर आ रही है, हालांकि उसका चेहरा दिखाई नहीं दे रहा। सिर्फ उसके बाल और पीछे से झलकती तस्वीरें दिख रही हैं। साथ ही अयान ने कैप्शन में लिखा कि “वैलेंटाइंस वीक कुछ इस तरह से दिखेगा।” जिसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने कयास लगाना शुरू कर दिया।
View this post on Instagram
फैंस को याद आई फरहाना भट्ट
अयान की इस पोस्ट के बाद कई यूजर्स ने कमेंट सेक्शन में फरहाना भट्ट का नाम लेना शुरू कर दिया। किसी ने लिखा कि “ये तो फरहाना ही लग रही है,” तो किसी ने कमेंट किया, “मुझे तो पक्का फरहाना लग रही है।” कुछ लोगों ने तो सिर्फ दिल के इमोजी के साथ #Fayan लिखकर अपनी खुशी जाहिर की। हालांकि अयान या की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन फैंस की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है।
फैमिली वीक से शुरू हुई चर्चा
दरअसल, बिग बॉस 19 के फैमिली वीक एपिसोड में अयान अपनी मां को सपोर्ट करने शो में पहुंचे थे। लेकिन शो में एंट्री लेते ही उन्होंने फरहाना भट्ट को गले लगाया, जो उस वक्त काफी चर्चा में रहा। इस सीन की क्लिप्स सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं।
फैंस को दोनों की केमिस्ट्री इतनी पसंद आई कि उन्होंने इनकी जोड़ी को #Fayan नाम दे दिया। अब वैलेंटाइन वीक के दौरान आई इस पोस्ट ने एक बार फिर दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाओं को हवा दे दी है। क्या ये सिर्फ दोस्ती है या कुछ और? फिलहाल इसका जवाब वक्त ही देगा, लेकिन सोशल मीडिया पर अयान और फरहाना की जोड़ी छाई हुई है।
