
यूपी विधानसभा में हाल ही में बजट पेश किया गया। वहीं अब बजट सत्र के पांचवें दिन सीएम योगी विधानसभा को संबोधित कर रहे हैं। सीएम योगी ने कहा, ‘राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्षी दल का आचरण अच्छा नहीं था। प्रदेश की छवि अचानक खराब नहीं हुई थी, यही आचरण था। जिस आचरण से बिटिया घबराती थी और व्यापारी डरता था उसकी एक झलक अभिभाषण के दौरान देखने को मिली। गालिब ने भी कहा था- उम्र भर ये भूल करता रहा, धूल चेहरे पर थी और आइना साफ करता रहा। सपा के इस आचरण के कारण पूरा सदन आहत महसूस कर रहा था।’
सीएम योगी ने कहा, ‘राज्यपाल ने अपने भाषण में तीन बातें रखीं- 6 साल में 8 करोड़ लोगों को गरीबी के आंकड़े से ऊपर किया गया। संगठित अपराध नियंत्रित हुआ है। ये सरकार की अव्यवस्था से अनुशासन की यात्रा है, समस्या से समाधान की यात्रा है और अविश्वास से आत्मविश्वास की यात्रा है। इसके लिए सरकार की स्पष्ट नीति थी, साफ नीयत थी और सुशासन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए हम लोगों ने सामूहिक रूप से प्रयास किया। वहीं आज यूपी में देखने को मिल रहा है। आज यूपी 3T का प्रतीक बन रहा है। यानी टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और ट्रांसफॉर्मेशन की त्रिवेणी बनकर उभरा है। इसे बनाने के लिए यूपी ने जो कार्य किए हैं। पहली बार सदन में प्रदेश का आर्थिक सर्वेक्षण प्रस्तुत किया।’
