श्रीलंका में होगा भारत-पाक महामुकाबला

श्रीलंका में होगा भारत-पाक महामुकाबला

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे चर्चित मुकाबला अब बेहद करीब है. 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी. यह ग्रुप-ए का मैच है, लेकिन इसका महत्व किसी फाइनल से कम नहीं माना जा रहा है.
भारत और श्रीलंका इस बार का टी20 वर्ल्डकप होस्ट कर रहे हैं. सुरक्षा और राजनीतिक कारणों की वजह से पाकिस्तान के सभी मुकाबले श्रीलंका में आयोजित किए जा रहे हैं. ऐसे में भारतीय टीम अपने पहले दो मैच भारत में खेलने के बाद अब श्रीलंका रवाना होगी, जहां पाकिस्तान पहले से मौजूद है
मौजूदा टूर्नामेंट में भारतीय टीम शानदार लय में दिख रही है. शुरुआत में जीते गए दोनो मुकाबलों में टीम ने संतुलित प्रदर्शन किया है. बल्लेबाजी में आक्रामकता और गेंदबाजी में धार ने भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई है. कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम आत्मविश्वास से भरी नजर आ रही है. तेज गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ने असर छोड़ा है, जबकि स्पिन विभाग भी मजबूत दिखाई दे रहा है.
दूसरी ओर पाकिस्तान की टीम भी अच्छी फॉर्म में है. उसने भी 2 मैच जीत लिए हैं. नए नेतृत्व में टीम ने संयम और आक्रामकता का संतुलन दिखाया है. शाहीन अफरीदी और नसीम शाह की तेज गेंदबाजी जोड़ी किसी भी बल्लेबाजी क्रम को चुनौती दे सकती है. ऐसे में यह मुकाबला रोमांच से भरपूर होने की उम्मीद है.
कोलंबो की पिच आमतौर पर स्पिन गेंदबाजों के लिए शानदार रही है. इसलिए बीच के ओवरों में स्पिनर्स की भूमिका अहम रहेगी. जो टीम दबाव को बेहतर तरीके से संभालेगी, वही बाजी मार सकती है.
आंकड़े साफ बताते हैं कि टी20 वर्ल्ड कप में भारत का पलड़ा भारी रहा है. हालांकि, पाकिस्तान ने भी बड़े मंच पर उलटफेर करने की क्षमता दिखाई है. इस बार मुकाबले की अहमियत और भी बढ़ गई है क्योंकि दोनों टीमें ग्रुप चरण में मजबूत स्थिति में हैं. जीत हासिल करने वाली टीम सुपर-8 की ओर मजबूत कदम बढ़ाएगी.
दोनो टीमें 15 फरवरी को भिड़ेंगी. टॉस शाम 6:30 किया जाएगा. मैच की पहली गेंद भारतीय समयानुसार 7 बजे फेंकी जाएगी. फैंस इस महामुकाबले को स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार पर लाइव देख सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *