इटावा: बकेवर में मारपीट और मोबाइल छीने जाने से आहत युवक ने खाया जहर, पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप

इटावा: बकेवर थाना क्षेत्र के लखना कस्बे में शुक्रवार को मारपीट और मोबाइल छीने जाने की घटना से आहत 22 वर्षीय युवक ने चूहे मारने की दवा खाकर जान देने की कोशिश कर ली. गंभीर हालत में युवक को पहले बकेवर अस्पताल और फिर जिला अस्पताल इटावा रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है.

मोचियान मोहल्ला निवासी विकास पुत्र श्याम सिंह दोहरे शुक्रवार सुबह अपने घर से दुकान पर सामान लेने जा रहा था. आरोप है कि रास्ते में मोहल्ले के कुछ युवकों ने उससे मोबाइल मांगा. जब विकास ने मोबाइल देने से इनकार किया तो उसके साथ मारपीट की गई और जबरन मोबाइल छीन लिया गया.

पीड़ित विकास का कहना है कि कमलेश जमादार, उसके दामाद और अन्य युवकों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और मोबाइल लेकर फरार हो गए. घटना के बाद वह तत्काल पुलिस चौकी पहुंचा, लेकिन वहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं मिला. इसके बाद वह बकेवर थाने गया और लिखित तहरीर दी.

विकास का आरोप है कि थाने में तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कोई कार्रवाई नहीं की. पुलिस के रवैये से वह मानसिक रूप से टूट गया और गुस्से व निराशा में आकर घर लौटकर चूहे मारने की दवा खा ली. कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया.

परिजन उसे तत्काल 50 शैय्या अस्पताल बकेवर लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. बताया गया कि एम्बुलेंस उपलब्ध न होने के कारण परिजन उसे नीडल और बोतल लगी हालत में ही निजी साधन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे.

जिला अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में युवक का इलाज चल रहा है. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *