कोरबा में शख्स की हैवानियत.. पत्नी, मां और बहन पर चापड़ से किया जानलेवा हमला, सामने आया ये पुराना विवाद

कोरबा: शहर के वैष्णो देवी मंदिर के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी, मां और बहन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. घटना कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत घटित हुई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पति रामेश्वर साहू ने अपनी पत्नी सुकृता साहू को कमरे के अंदर बंद कर चापड़ से बेरहमी से हमला करना शुरू कर दिया. पत्नी की चीख-पुकार सुनकर उसे बचाने पहुंची मां सांवन साहू और बहन निर्मला साहू पर भी आरोपी ने हमला कर दिया.

हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें पत्नी सुकृता साहू की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है. घटना के दौरान आसपास की बस्ती में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. शोर-शराबा और चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल 112 तथा पुलिस को सूचना दी. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था. पत्नी की शिकायत पर आरोपी पति एक वर्ष पूर्व भी जेल जा चुका है.

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति रामेश्वर साहू को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *