जबलपुर में दूषित मिठाई खाने से 19 लोग हुए बीमार: मचा हड़कंप

जबलपुर: जबलपुर में प्रसिद्ध त्रिपुर सुंदरी मंदिर में आयोजित सुहागले कार्यक्रम के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब मिठाई खाने के बाद अचानक करीब 19 लोग बीमार हो गए. सभी को उल्टियां और चक्कर आने लगे, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति बन गई.
जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में प्रसाद स्वरूप परोसी गई मिठाई भेड़ाघाट स्थित राजस्थान स्वीट्स से मंगाई गई थी. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मिठाई खाने के कुछ ही देर बाद लोगों को उल्टी, पेट दर्द और चक्कर की शिकायत होने लगी. कई लोग वहीं बैठ गए तो कुछ जमीन पर गिर पड़े.
बीमार होने वालों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं. अचानक तबीयत बिगड़ने से परिजन घबरा गए और तत्काल निजी वाहनों एवं एंबुलेंस के माध्यम से सभी को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया.
सूत्रों के मुताबिक, दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. उन्हें बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया है. अस्पताल सूत्रों का कहना है कि फिलहाल सभी मरीजों की हालत पर नजर रखी जा रही है और फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम सक्रिय हो गई। मिठाई के सैंपल जांच के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मामला फूड प्वाइजनिंग का है या किसी अन्य कारण से लोग बीमार हुए।कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने बताया कि सुहागले का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया था, लेकिन अचानक हुई इस घटना से माहौल गमगीन हो गया। कई परिवार अपने परिजनों की हालत को लेकर चिंतित हैं.
घटना के बाद मिठाई की गुणवत्ता और भंडारण व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. क्या मिठाई खराब थी या उसे रखने में लापरवाही हुई. यह जांच का विषय है. प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि यदि लापरवाही पाई गई तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी की नजरें स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जबकि बीमार लोगों के परिजन उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *