
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने 1.06 करोड़ सामाजिक पेंशनधारकों की पेंशन में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। विधानसभा में शुक्रवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर आए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सीएम ने कहा कि बजट में इसके लिए धनराशि की व्यवस्था कर दी गई है। इसकी विस्तृत जानकारी बजट चर्चा के दौरान उपलब्ध करवाई जाएगी।
सामाजिक पेंशन के दायरे में दिव्यांग, वृद्धजन एवं निराश्रित महिलाएं आती है। 2017 से पहले दिव्यांग पेंशन 300 रुपये और अन्य 500 रुपये महीना थी। योगी सरकार ने इसे बढ़ाकर 1000 रुपये महीना किया था। 2022 के घोषणापत्र में इसे बढ़ाकर 1500 रुपये महीना करने का वादा किया गया था। सीएम ने अब इस बढ़ोतरी का ऐलान किया है। हालांकि, बढ़ी धनराशि की तस्वीर बजट पर चर्चा के दौरान साफ होगी। प्रदेश में 67.50 लाख लोगों को वृद्धावस्था, 38.50 लाख महिलाओं को निराश्रित और 11 लाख लोगों को दिव्यांग पेंशन मिलती है।
पीएम 21 को सेमीकंडक्टर पार्क का शिलान्यास करेंगे
योगी ने बताया कि डेटा सेंटर एवं सेमीकंडक्टर पार्क की स्थापना एवं विस्तार की दिशा में यूपी तेजी से आगे बढ़ रहा है। 21 फरवरी को पीएम नरेंद्र मोदी प्रदेश के पहले सेमीकंडक्टर यूनिट का शिलान्यास करेंगे। वहीं, मेरठ-दिल्ली रेपिड रेल भी पीएम के हाथों उद्घाटन होगा।
पूर्वाचल एक्सप्रेसवे के समानंतर बनेगा रेल कॉरिडोर
सीएम ने सपा सरकार के दौरान बनी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की कार्ययोजना को भ्रष्टाचार पर आधारित बताया। उन्होंने कहा कि बिना जमीन अधिग्रहण के ही टेंडर अलाट कर दिया गया था। दिसंबर, 2016 में सपा सरकार ने इसके लिए 15,200 करोड़ की कार्ययोजना बनाई थी। 2 साल बाद 2018 में हमने इसका टेंडर किया और चौड़ाई बढ़ाकर 110 से 120 मीटर की, तब भी 11,800 करोड़ का टेंडर हुआ। आखिर, यह 3500 करोड़ रुपये किसकी जेब में जाने थे? योगी ने कहा कि केंद्रीय बजट में घोषित बनारस-दिल्ली रेल कॉरिडोर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के समानंतर गुजरेगा, जिस पर हाईस्पीड ट्रेन चलेगी।
