‘PM मोदी पसंद या राहुल गांधी…’, तापसी पन्नू ने दिया ऐसा जवाब कि सोशल मीडिया में आ गया भूचाल, यहां जानें पूरा मामला

‘PM मोदी पसंद या राहुल गांधी…’, तापसी पन्नू ने दिया ऐसा जवाब कि सोशल मीडिया में आ गया भूचाल, यहां जानें पूरा मामला

मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू इन दिनों अपनी आगामी फिल्म के प्रमोशन में व्यस्त हैं. इसी दौरान एक न्यूज चैनल के शो में उनसे एक ऐसा सवाल पूछा गया, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है. एंकर ने उन्हें दो तस्वीरें दिखाईं जिनमें एक तरफ नरेंद्र मोदी और दूसरी तरफ राहुल गांधी की फोटो थी. सवाल था कि आपका पसंदीदा राजनेता कौन है. इस पर तापसी ने पीएम मोदी की तस्वीर को प्रणाम किया और मुस्कुराते हुए कहा कि मुझे अभी भी इस देश में रहना है. उनका यह जवाब कुछ ही घंटों में वायरल हो गया.

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और अलग अलग जगह पर बहस छिड़ गई. कुछ यूजर्स ने इसे तापसी का बेबाक अंदाज बताया, तो कुछ ने इसे राजनीतिक व्यंग्य के रूप में देखा.

तापसी पन्नू के वीडियो पर लोगों का रिएक्शन

जैसी ही वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया लोग इस पर रिएक्ट करने के लिए कमेंट सेक्शन में कूद पडे़. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि तापसी ने हंसते हुए अपनी बात कह दी, लेकिन यह डर की भावना को भी दिखाता है. वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि यह उनका अलग अंदाज था और उन्होंने मजाक में जवाब दिया.

कांग्रेस नेता रागिनी नायक भी इस क्लिप पर रिएक्ट करने से पीछे नहीं रही. उन्होंने वीडियो को फिर से शेयर करते हुए टिप्पणी की. उन्होंने लिखा कि एक लाइन में बहुत कुछ कह दिया गया. हालांकि तापसी पन्नू ने अब तक इस वायरल वीडियो पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.

पसंदीदा नेत्री पर भी दिया जवाब

शो के दौरान तापसी से यह भी पूछा गया कि उनकी पसंदीदा लीडर कौन हैं. विकल्प के तौर पर ममता बनर्जी, स्मृति ईरानी, मायावती और प्रियंका गांधी के नाम दिए गए. पहले उन्होंने सुषमा स्वराज का नाम लिया, लेकिन वह विकल्प में शामिल नहीं था. इसके बाद उन्होंने स्मृति ईरानी को अपनी पसंदीदा लीडर बताया. उनके इस जवाब को भी सोशल मीडिया पर अलग अलग नजरिए से देखा जा रहा है.

20 फरवरी को रिलीज होगी फिल्म अस्सी

Assi में तापसी पन्नू एक दमदार वकील का रोल निभा रही हैं. कहानी एक जघन्य अपराध की पीड़िता को न्याय दिलाने की जंग पर आधारित है. इस फिल्म को अनुभव सिन्हा ने डायरेक्ट किया है. यह कोर्टरूम ड्रामा सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताया जा रहा है. फिल्म 20 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म के ट्रेलर और प्रमोशनल क्लिप पहले ही चर्चा में हैं, और अब इस वायरल वीडियो ने फिल्म को और सुर्खियों में ला दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *