प्रेमी से पति को मरवाया, फिर नहर में फिंकवाया… 270 किलोमीटर दूर मिली डेड बॉडी, ऐसे खुली शातिर पत्नी की पोल

प्रेमी से पति को मरवाया, फिर नहर में फिंकवाया... 270 किलोमीटर दूर मिली डेड बॉडी, ऐसे खुली शातिर पत्नी की पोल

भजनलाल, इंद्रा और प्रभुदयाल.

श्रीगंगानगर जिले के घड़साना क्षेत्र में सामने आए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. गांव 4 जेडडब्ल्यूएम निवासी 32 वर्षीय भजनलाल की हत्या किसी बाहरी रंजिश का नहीं, बल्कि घरेलू विश्वासघात का नतीजा निकली. जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी इंद्रा देवी ने अपने प्रेमी प्रभुदयाल के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिलाया. इस साजिश में एक 15 वर्षीय नाबालिग को भी शामिल किया गया.

पुलिस के अनुसार, प्रभुदयाल लकड़ी काटने का काम करता था और पिछले करीब दो सालों से इंद्रा देवी के संपर्क में था. दोनों के बीच प्रेम संबंध थे. प्रभुदयाल को यह भी पता चला था कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति के संपर्क में थी, जिसके बाद वैवाहिक जीवन में तनाव बढ़ गया. इसी दौरान उसका इंद्रा से नजदीकियां बढ़ीं. बताया जा रहा है कि उसके मोबाइल में लगी सिम उसने इंद्रा को दे दी थी, जिससे दोनों लगातार बातचीत करते रहे और खेतों में मिलते थे.

इधर, इंद्रा के पति भजनलाल को पत्नी के व्यवहार पर शक हो गया था. इस बात को लेकर दंपती के बीच कई बार झगड़ा हुआ. भजनलाल ने अपने परिवार को भी बताया था कि इंद्रा का चाल-चलन ठीक नहीं है. परिवार ने इंद्रा को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह प्रभुदयाल के संपर्क में बनी रही. घर में बढ़ते क्लेश के बीच इंद्रा ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.

13 जनवरी को की हत्या

13 जनवरी की रात भजनलाल घड़साना से बाइक पर अपने गांव लौट रहा था. रात करीब 9:15 बजे रास्ते में पहले से घात लगाए प्रभुदयाल और नाबालिग ने उसे रोक लिया. दोनों ने लाठियों से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए. जब वो गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा, तब रस्सी से उसका गला घोंट दिया गया. जांच में सामने आया कि पूरी वारदात के दौरान इंद्रा देवी मोबाइल पर अपने प्रेमी से संपर्क में थी और घटनाक्रम की जानकारी लेती रही.

आरोपियों ने भजनलाल को मृत समझकर उसकी ही बाइक पर बीच में बैठाया और करीब 20 किलोमीटर दूर इंदिरा गांधी नहर की ओर ले गए. नहर के पास पहुंचते ही भजनलाल को अचानक होश आ गया और उसने हलचल की. घबराए आरोपियों ने पास पड़ी ईंट से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद शव और बाइक को नहर में फेंक दिया गया.

270 किलोमीटर दूर मिला शव

करीब पंद्रह दिन बाद 2 फरवरी को फलोदी क्षेत्र में नहर से एक अज्ञात शव बरामद हुआ, जो पानी के बहाव के साथ लगभग 270 किलोमीटर दूर पहुंच चुका था. पहचान होने पर शव भजनलाल का निकला. मृतक के पिता कृष्णलाल ने पहले ही घड़साना थाने में गुमशुदगी और हत्या की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कराया था.

जब शव घर लाया गया तो इंद्रा देवी का रवैया बदला हुआ नजर आया. उसने परिजनों से कहा कि यह उसके पति का शव नहीं है और किसी अन्य की लाश लाई गई है. परिवार के पूछने पर भी उसने कुछ स्पष्ट नहीं किया. इसी बीच पुलिस तकनीकी साक्ष्य जुटाने में लगी रही. कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन की जांच में इंद्रा और प्रभुदयाल के बीच लगातार संपर्क की पुष्टि हुई.

दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई

जांच का दायरा बढ़ने पर इंद्रा को शक हुआ और वह अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई. पुलिस टीम ने उसे वहीं से हिरासत में लिया. सख्ती से पूछताछ में पूरा षड्यंत्र उजागर हो गया.
पुलिस ने पत्नी इंद्रा देवी और उसके प्रेमी प्रभुदयाल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग को डिटेन किया गया है. आरोपियों के खिलाफ हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और साक्ष्य मिटाने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. मामले की गहन जांच जारी है.

(रिपोर्ट: शंकर बंसारी, श्रीगंगानगर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *