राजस्थान: गैंजी कस्बे में स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक और सामग्री को कराया नष्ट; व्यापारियों में हड़कंप

डूंगरपुर: आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ रोकने और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग इन दिनों पूरी तरह एक्शन मोड में है. गुरुवार को डूंगरपुर जिले के गैंजी कस्बे में खाद्य सुरक्षा टीम ने औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. फूड इंस्पेक्टर असीमुद्दीन खान के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई से पूरे कस्बे के व्यापारिक प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया. टीम ने कोल्ड ड्रिंक, पान मसाला, किराना और मिष्ठान भंडारों पर सघन जांच करते हुए भारी मात्रा में एक्सपायरी और संदिग्ध खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया.

मिष्ठान भंडारों और किराना दुकानों की गहन पड़ताल

जांच अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने जोधपुर मिष्ठान भंडार सहित कस्बे की विभिन्न बड़ी दुकानों पर दबिश दी. टीम ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, उनकी पैकिंग, निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि की बारीकी से जांच की. निरीक्षण के दौरान कई दुकानों पर ऐसी कोल्ड ड्रिंक और पैकेज्ड फूड मिले जिनकी मियाद खत्म हो चुकी थी. टीम ने जनस्वास्थ्य के खतरे को देखते हुए इन दूषित पदार्थों को तुरंत जब्त किया और मौके पर ही नष्ट कर दिया. इस दौरान व्यापारी संगठन के अध्यक्ष अनिल जैन सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्हें टीम ने नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

गर्मी के मौसम को देखते हुए सख्त हिदायत

आगामी गर्मी के मौसम और पेय पदार्थों की बढ़ती मांग के मद्देनजर फूड इंस्पेक्टर असीमुद्दीन खान ने व्यापारियों को विशेष चेतावनी दी. उन्होंने स्पष्ट किया कि गर्मी में कोल्ड ड्रिंक और अन्य शीतल पेय पदार्थों की खपत बढ़ जाती है, ऐसे में दुकानदार केवल वैध और ताजा स्टॉक ही बेचें. उन्होंने व्यापारियों को पाबंद किया कि दुकानों पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, खाद्य पदार्थों को हमेशा ढककर रखें और स्टॉक की नियमित रूप से खुद भी जांच करते रहें. खान ने सख्त लहजे में कहा कि जनता की सेहत के साथ किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा.

व्यापारियों की बैठक लेकर की समझाइश

कार्रवाई के पश्चात टीम ने स्थानीय व्यापारियों के साथ वार्ता की. इसमें भंवर लाल कलाल, उमेश कलाल, प्रकाश कलाल, मोहित कलाल, कल्पेश कुमार जैन, मुकेश कुमार जैन सहित कई प्रमुख व्यापारी उपस्थित रहे. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक दिन के लिए नहीं है, बल्कि भविष्य में भी इसी तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे. यदि कोई भी दुकानदार नियमों की अवहेलना करते हुए या एक्सपायरी सामान बेचते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. विभाग की इस अचानक कार्रवाई के बाद कई दुकानदारों ने खुद ही अपनी दुकानों में रखे सामान की एक्सपायरी डेट खंगालना शुरू कर दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *