पवन सिंह शो के नाम पर 14 लाख की ठगी, दोस्तों ने ही रचा फर्जी बुकिंग का खेल, FIR हुआ दर्ज

पवन सिंह शो के नाम पर 14 लाख की ठगी, दोस्तों ने ही रचा फर्जी बुकिंग का खेल, FIR हुआ दर्ज

Pawan Singh Fraud Case: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अमेठी निवासी एक म्यूजिकल कलाकार को उसके ही चार परिचितों ने पवन सिंह का कार्यक्रम कराने के नाम पर करीब 14 लाख रुपये का चूना लगा दिया। पीड़ित कलाकार दिव्यांश सिंह उर्फ कबीर सिंह लखनऊ में रहकर अपना म्यूजिकल बैंड चलाते हैं और इसी से अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

दिव्यांश की मुलाकात एक कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों से हुई, जिन्होंने उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें भोजपुरी स्टार पवन सिंह का लाइव शो आयोजित कराने का सुझाव दिया। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि वे मुनाफा-नुकसान बराबर बांटेंगे। बाद में आजमगढ़ के कुछ अन्य परिचितों ने दावा किया कि उनके पवन सिंह से अच्छे संबंध हैं और 15 लाख की जगह 13 लाख रुपये में शो तय करा देंगे।

योजना के तहत 31 दिसंबर 2024 को लखनऊ के अवध शिल्प ग्राम में कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया। दिव्यांश को सहयोगियों की ओर से करीब 10 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। इसमें से पांच लाख रुपये एक परिचित के खाते में बुकिंग के नाम पर भेजे गए, जबकि चार लाख रुपये नकद दिए गए। इसके अलावा वेन्यू, प्रचार-प्रसार, टेंट और सुरक्षा के नाम पर भी लाखों रुपये लिए गए।

पवन सिंह के नाम पर फर्जी ईमेल से हुई बुकिंग

आरोप है कि के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाकर बुकिंग कन्फर्मेशन भी भेजा गया, जिससे दिव्यांश को भरोसा हो गया कि कार्यक्रम तय हो चुका है। लेकिन 21 दिसंबर को पवन सिंह के मैनेजर ने इंस्टाग्राम पर संदेश भेजकर साफ किया कि लखनऊ में ऐसा कोई शो बुक नहीं है और फर्जी प्रचार तुरंत हटाया जाए।

धोखाधड़ी के आरोप में दर्ज हुआ एफआईआर

सच सामने आने पर दिव्यांश ने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वे टालमटोल करते रहे। आखिरकार आर्थिक दबाव बढ़ने पर उन्होंने आजमगढ़ के अतरौलिया थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस के मुताबिक चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, पवन सिंह भोजपुरी इंडस्ट्री के चर्चित स्टार हैं। वे फिल्मों के साथ-साथ इवेंट्स और स्टेज शोज के लिए भी मोटी फीस लेते हैं। इस मामले ने कलाकारों और इवेंट आयोजकों के बीच भरोसे और सतर्कता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *