सीधी में बारात के दौरान बवाल, घराती-बराती भिड़े, लाठी-डंडे चले, तीन घायल

सीधी में बारात के दौरान बवाल, घराती-बराती भिड़े, लाठी-डंडे चले, तीन घायल

Wedding Fight Viral Video : मध्य प्रदेश के सीधी जिले के पड़रा इलाके में शुक्रवार रात एक शादी समारोह के दौरान अचानक तनाव की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, बारात खुशी पैलेस के पास से गुजर रही थी, तभी घराती और बराती पक्ष के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। माहौल, जो कुछ देर पहले तक डीजे की धुन और नाच-गाने से गुलजार था, अचानक अफरा-तफरी में बदल गया।

शादी बनी जंग का मैदान

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही मिनटों में विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे चलने लगे। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कम से कम तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य को मामूली चोटें आईं।

महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी इस हंगामे से घबरा गए। पास की पान दुकान के संचालक नितेश माझी ने बताया कि बारात सामान्य रूप से आगे बढ़ रही थी, तभी अचानक झगड़ा शुरू हो गया। उन्होंने कहा कि विवाद का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो सका, लेकिन कई लोग लहूलुहान नजर आए। घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

घटना का वीडियो हुआ वायरल

घटना का वीडियो भी पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि अब तक पुलिस को किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत नहीं मिली है।

कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि आवेदन मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन घटना ने शादी की खुशियों को तनाव में बदल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *