इटावा:- जिले के थाना बसरेहर क्षेत्र अंतर्गत खड़कौली गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 20 वर्षीय युवक की खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. युवक का शव खेतों में अचेत अवस्था में पड़ा मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.
जानकारी के अनुसार खड़कौली गांव निवासी पंकज (20 वर्ष) पुत्र विजेंद्र यादव रोज की तरह घर से निकला था.काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई.इसी दौरान सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने पंकज को जमीन पर बेसुध पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। खबर मिलते ही पंकज का भाई देवेन्द्र मौके पर पहुंचा और अन्य ग्रामीणों की मदद से उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर गया.
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद पंकज को मृत घोषित कर दिया.युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों के अनुसार पंकज मेहनती और शांत स्वभाव का युवक था, उसकी अचानक हुई मौत से हर कोई स्तब्ध है.
सूचना मिलने पर थाना बसरेहर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और आवश्यक जानकारी जुटाई.शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.फिलहाल मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है.
