‘गले पर चाकू रखकर की पिटाई, बेटी पर छोड़ा कुत्ता…’ मां की जान बचाने के लिए दौड़कर थाने पहुंची बच्ची; पुलिस ने कैसे बचाया?

‘गले पर चाकू रखकर की पिटाई, बेटी पर छोड़ा कुत्ता…’ मां की जान बचाने के लिए दौड़कर थाने पहुंची बच्ची; पुलिस ने कैसे बचाया?

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में 5 साल की बच्ची की दिलेरी सामने आई है. नन्ही उम्र में बच्ची की ने मां की जान बचाकर हमलावरों को सबक सिखाया है. बच्ची की शिकायत पर घर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्यवाही शुरू कर दी है. वहीं दूसरी तरफ छोटी बच्ची की इस दिलेरी की चर्चा शहरभर में हो रही है. दरअसल, मासूम बच्ची की मां पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया, जिसके बाद बच्ची दौड़कर थाने पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी.

जानकारी के अनुसार, हरदोई जिले के कोतवाली शहर क्षेत्र के नुमाइश पुरवा रहने वाली महिला का अपने दिवंगत पति के पैतृक मकान को लेकर पति के मामा विनोद श्रीवास्तव से विवाद चल रहा है. बीते 1 फरवरी को महिला ने विनोद, उनकी पत्नी संजू और बेटे उत्कर्ष के खिलाफ मारपीट और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था. आरोप है कि संपत्ति हड़पने के लिए फर्जी बैनामा कराया गया.

200 मीटर दौड़कर बच्ची पहुंची थाने

शनिवार को जब महिला अपनी 5 वर्षीय बेटी के साथ घर पहुंचीं तो समझौते का दबाव बनाया गया. विरोध करने पर पहले मासूम पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया गया, जिससे वह घायल हो गई. फिर महिला को घेरकर बेरहमी से पीटा जाने लगा. घर के भीतर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. डरी सहमी बच्ची किसी तरह से अपनी जान बचाते हुए घर से निकली और फिर दौडते हुए 200 मीटर दूर थाने पहुंच गई. उसने मां के ऊपर हुए हमले की जानकारी तुरंत पुलिस को दी.

दो लोग अरेस्ट

जानकारी होते ही थाना शहर पुलिस के SHO संजय त्यागी ने अपनी टीम के साथ बच्ची के घर पहुंच गए, जहां उन्होंने दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है. बच्ची की होशियारी और सूझबूझ की पूरे शहर में चर्चा हो रही है. पुलिस थोड़ी भी लेट होती तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी. पीड़ित महिला ने बताया कि मेरे दिवंगत पति अभिषेक श्रीवास्तव के मामा विनोद श्रीवास्तव से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है.

जमीन विवाद में महिला की पिटाई

इसी दौरान विनोद श्रीवास्तव अपने लोगों के साथ मिलकर घर पर आए थे. उन्होंने गर्दन पर चाकू रखकर पिटाई की थी. बच्ची पर कुत्ता छोड़ दिया था. 5 साल की मासूम ने थाने पहुंचकर इसकी शिकायत की है. इसके बाद उन लोगों की गिरफ्तारी पुलिस के द्वारा की गई है. विनोद श्रीवास्तव समेत दो लोग गिरफ्तार किए गए हैं. घटना की जानकारी देते हुए हरदोई के अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नुमाइश पूर्व मोहल्ला आता है.

इस इलाके से कोतवाली से दूरी लगभग 200 मीटर है. यहां जमीनी विवाद को लेकर कुछ लोगों ने एक घर में घुसकर एक महिला से मारपीट की है. इस पूरी घटना की सूचना बच्ची ने कोतवाली में आकर दी थी. छोटी सी बच्ची के द्वारा दी गई सूचना के बाद शहर कोतवाली पुलिस हरकत में आई और उन्होंने मौके पर पहुंचकर मामा ससुर सहित एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *