रायबरेली : उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से धार्मिक स्थल पर उत्पात मचाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. ऊँचाहार कोतवाली क्षेत्र के हमीदपुर बड़ागांव स्थित गौरीशंकर मंदिर परिसर में एक शराबी युवक ने घुसकर जमकर तोड़फोड़ की. आरोप है कि युवक ने मंदिर में रखा त्रिशूल तोड़ दिया और उसके बाद शिवलिंग पर ताबड़तोड़ वार कर दिया. घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक नंदी का पुरवा गाँव का निवासी बताया जा रहा है.ग्रामीणों का कहना है कि घटना के समय युवक नशे की हालत में था. देर रात वह मंदिर परिसर में घुसा और वहां रखे धार्मिक प्रतीकों को नुकसान पहुंचाने लगा. जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक वह शिवलिंग पर कई वार कर चुका था.
खबर के अनुसार, मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया. ऊँचाहार कोतवाली पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है. फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है.
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी है. लोगों ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ सकती हैं, इसलिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए.ऊंचाहार कोतवाल अजय राय का कहना है कि दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
