Agra News: पुलिस की ‘थर्ड डिग्री’ से हाईस्कूल के छात्र का हाथ टूटा, 2 दारोगाओं पर हुआ एक्शन

Agra News: पुलिस की ‘थर्ड डिग्री’ से हाईस्कूल के छात्र का हाथ टूटा, 2 दारोगाओं पर हुआ एक्शन

उत्तर प्रदेश में आगरा के किरावली थाना क्षेत्र से पुलिस की संवेदनहीनता और बर्बरता का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां मिढ़ाकुर चौकी में तैनात दो दारोगाओं पर एक हाईस्कूल के छात्र को ‘थर्ड डिग्री’ देने और उससे उगाही की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगा है. पुलिस की पिटाई से छात्र का हाथ टूट गया है, जिससे उसकी चल रही बोर्ड परीक्षाओं पर संकट मंडरा गया है.

जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत 18 फरवरी को हुई थी, जब दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी. बताया जा रहा है कि शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच फोन पर समझौता हो गया था. लेकिन इसके बावजूद, मिढ़ाकुर चौकी पुलिस ने छात्र को पूछताछ के बहाने चौकी बुलाया.

रुपये न देने पर डंडों से पीटा

पीड़ित छात्र का आरोप है कि चौकी में मौजूद दो दारोगाओं ने उससे रुपयों की मांग की. जब उसने पैसे देने में असमर्थता जताई, तो उसे बांधकर डंडों से बेरहमी से पीटा गया. इस पिटाई के कारण छात्र के हाथ में गंभीर चोट आई. मेडिकल जांच में छात्र के हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है. पीड़ित छात्र हाईस्कूल का है और वर्तमान में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं चल रही हैं. हाथ टूटने के कारण वह लिखने की स्थिति में नहीं है, जिससे उसके अगले पेपर और पूरे भविष्य पर सवालिया निशान लग गया है.

DCP वेस्ट की बड़ी कार्रवाई

मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आते ही महकमे में हड़कंप मच गया. DCP वेस्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ACP अछनेरा को जांच सौंपी. प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोनों आरोपी दारोगाओं को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है. DCP वेस्ट ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में FIR दर्ज की जाएगी. कानून हाथ में लेने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *