
World Thinking Day 2026: दुनिया भर के 150 से अधिक देशों में आज वेश्विक चिंतन दिवस (World Thinking Day) मनाया जा रहा है। यह दिन विशेष रूप से गर्ल गाइड्स और गर्ल स्काउट्स के लिए समर्पित है जो उन्हें एक-दूसरे के बारे में सोचने, वैश्विक मुद्दों पर विचार करने और एकजुटता दिखाने का एक अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करता है।
22 फरवरी का दिन इतिहास में एक खास स्थान रखता है खासकर उन लड़कियों और महिलाओं के लिए जो गाइडिंग और स्काउटिंग आंदोलन से जुड़ी हैं। विश्व चिंतन दिवस सिर्फ एक औपचारिक आयोजन नहीं है बल्कि यह उन करोड़ों लड़कियों की आवाज है जो दुनिया में सकारात्मक बदलाव लाना चाहती हैं।
क्यों मनाया जाता है यह दिन
इस दिन की शुरुआत 1926 में हुई थी। 22 फरवरी को ही स्काउटिंग के संस्थापक लॉर्ड बेडन पॉवेल और उनकी पत्नी ओलेव बेडन पॉवेल (जो वर्ल्ड चीफ गाइड थीं) का जन्मदिन होता है। इन दोनों के सम्मान में और दुनिया भर की लड़कियों को एक सूत्र में पिरोने के लिए थिंकिंग डे की स्थापना की गई थी। 1999 में दुबई में हुए एक सम्मेलन में इसका नाम बदलकर वर्ल्ड थिंकिंग डे कर दिया गया ताकि इसकी वैश्विक पहुंच को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
क्या है इस बार की थीम
विश्व चिंतन दिवस 2026 की थीम हमारी दोस्ती (Our Friendship) रखी गई है जो इस वैश्विक आयोजन की 100वीं वर्षगांठ का प्रतीक है। वाग्स (WAGGGS) द्वारा समन्वित यह विषय दुनिया भर की गर्ल गाइड्स और गर्ल स्काउट्स के बीच अटूट संबंधों और एकता का जश्न मनाता है।
यह थीम रेखांकित करती है कि कैसे एक सदी से दोस्ती के ये सूत्र वैश्विक समुदाय को आपस में जोड़े हुए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य आपसी सहयोग और साझा मूल्यों के जरिए एक बेहतर भविष्य का निर्माण करना है। यह दिन सिखाता है कि सामूहिक प्रयास और सच्ची दोस्ती ही दुनिया में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
वर्ल्ड थिंकिंग डे का महत्व
यह दिन लड़कियों को वैश्विक मुद्दों जैसे पर्यावरण, शिक्षा, और स्वास्थ्य पर विचार करने के लिए प्रेरित करता है। इसका मुख्य उद्देश्य दुनिया भर की गर्ल गाइड्स और स्काउट्स के बीच दोस्ती और सिस्टरहुड की भावना को मजबूत करना है। इस दिन दुनिया भर में फंड जुटाने के अभियान भी चलाए जाते हैं ताकि उन देशों की लड़कियों की मदद की जा सके जहाँ संसाधन सीमित हैं।
क्या करते हैं इस दिन
विश्व चिंतन दिवस पर विभिन्न स्कूल और गाइड संगठन कई तरह की गतिविधियों का आयोजन करते हैं। इसमें पेनी हाइक (Penny Hike) काफी प्रसिद्ध है जहां लोग दान के रूप में सिक्के जमा करते हैं। इसके अलावा लड़कियां एक-दूसरे को मैसेज भेजती हैं वैश्विक समस्याओं पर चर्चा करती हैं और शांति का संदेश फैलाती हैं।
आज के दौर में यह दिन और भी प्रासंगिक हो गया है। यह हमें सिखाता है कि एक छोटा सा विचार भी बड़ी क्रांति ला सकता है। यह दिन युवाओं को यह विश्वास दिलाता है कि उनकी सोच और उनके कार्य वैश्विक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
